पटना/साहिबगंज: झारखंड के साहिबगंज जिला अंतर्गत राधानगर थाना क्षेत्र के उधवा, बाघ पींजरा मोहनपुर निवासी 21 वर्षीय इसमाईल शेख, जो पटना के आईजीआईएमएस (IGIMS) से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था, वह सकुशल मिल गया है। युवक के मिलने के बाद पिछले चार दिनों से परेशान परिजनों ने बड़ी राहत की सांस ली है।
परिजनों में गुस्सा और राहत दोनों
रिपोर्टर द्वारा परिजनों से की गई बातचीत में युवक के बड़े भाई जावीर शेख ने पुष्टि की है कि इसमाईल मिल चुका है। भाई ने बताया कि इस घटना की वजह से पूरा परिवार चार दिनों से बेहद परेशान था, पटना में भूखे-प्यासे उसकी तलाश कर रहा था और घर पर मां की तबीयत भी काफी बिगड़ गई थी। परिजनों के अनुसार, युवक पढ़ा-लिखा (NEET परीक्षा की तैयारी कर रहा) है, लेकिन उसकी इस लापरवाही और बदमाशी की वजह से परिवार को भारी मानसिक तनाव और वित्तीय परेशानी झेलनी पड़ी।
फिलहाल युवक सकुशल अपने लोगों के पास पहुँच गया है और परिजनों ने उसकी बरामदगी की पुष्टि कर दी है। इसके साथ ही पिछले कई दिनों से चल रही खोजबीन और चिंता का अंत हो गया है।