viral case rajmahal
|

राजमहल : राजमहल थाना क्षेत्र में महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। एक युवती ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और विरोध करने पर अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्रेम जाल में फंसाकर किया शोषण

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, तीनपहाड़ थाना क्षेत्र निवासी सुधीर यादव उर्फ सूरज यादव ने पीड़िता को अपने प्रेम जाल में फंसाया । आरोप है कि शादी का झांसा देकर आरोपी ने युवती के साथ लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाए। इसी दौरान आरोपी ने चोरी-छिपे पीड़िता के कुछ अश्लील वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिए।

सच्चाई सामने आने पर दी धमकी

पीड़िता का कहना है कि जब उसे जानकारी हुई कि आरोपी युवक पूर्व में भी कई लड़कियों को इसी तरह अपने जाल में फंसा चुका है, तो उसने उससे दूरी बना ली और रिश्ता खत्म कर दिया। रिश्ता टूटने से नाराज आरोपी ने युवती को डराना-धमकाना शुरू कर दिया। युवती पर दबाव बनाने और उसे बदनाम करने की नीयत से आरोपी ने कथित तौर पर उन अश्लील वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सार्वजनिक कर दिया।

पुलिस की कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए राजमहल थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कांड संख्या 130/26 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *