राजमहल (साहिबगंज): राजमहल के युवाओं और खेल प्रेमियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। रविवार को राजमहल विधायक मो. ताजउद्दीन उर्फ एमटी राजा ने राजमहल प्रखंड कार्यालय परिसर में नवनिर्मित इंडोर स्टेडियम का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान विधायक ने खुद बैडमिंटन कोर्ट पर उतरकर हाथ आजमाए और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक एमटी राजा ने कहा कि क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए उनकी सरकार और वे स्वयं निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा:”राजमहल में आउटडोर स्टेडियम के बाद अब इंडोर स्टेडियम का सपना भी साकार हो गया है।
इससे हमारे युवाओं को मौसम की बाधा के बिना अभ्यास करने का मौका मिलेगा। अब संबंधित पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है कि इसका संचालन बेहतर तरीके से हो ताकि अंतिम पायदान के खिलाड़ी को भी इसका लाभ मिल सके।
विधायक ने फीता काटकर स्टेडियम को जनता को समर्पित किया। इसके तुरंत बाद उन्होंने बैडमिंटन खेलकर युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने स्थानीय खिलाड़ियों को आश्वासन दिया कि आने वाले समय में खेल संसाधनों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।
कार्यक्रम में कार्यपालक अभियंता रमाकांत, सहायक अभियंता प्रेम कुमार, विधायक प्रतिनिधि सह नपं उपाध्यक्ष मो. मारूफ उर्फ गुड्डू, जिला परिषद सदस्य अब्दुल बारीक शेख , झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अनिसुर रहमान, सचिव दुर्गा मंडल, नगर अध्यक्ष मो. आजाद।अन्य सदस्य: घीसु शेख, विकास यादव, अजय दास, आलोक राय, जाकिर शेख, मो. वदुद, श्रवण यादव और सुभाष मिश्रा सहित अन्य मौजूद थे।