pahargao murder case
|

उधवा (साहिबगंज): राधानगर थाना क्षेत्र के पहाड़गांव में रविवार मध्य रात्रि एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक विवाहिता की गला रेतकर और चाकू से मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान मोमेना खातून के रूप में हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, पहाड़गांव निवासी जरजीश शेख की पुत्री मोमेना खातून का विवाह करीब चार माह पूर्व बरहरवा थाना क्षेत्र के सेरासीन साहेबडांगा निवासी सनीर शेख के साथ हुआ था। परिजनों का आरोप है कि निकाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज के लिए उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। इसी प्रताड़ना से तंग आकर मोमेना पिछले दो महीनों से अपने मायके पहाड़गांव में थी।

बीती रात गांव में आयोजित एक ‘जलसा’ कार्यक्रम से लौटने के बाद मोमेना अपनी छोटी बहन के साथ कमरे में सो रही थी। इसी बीच रात करीब 11:00 बजे उसका पति कमरे में घुस आया। आरोपी मोमेना को खींचकर बरामदे में ले गया और उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। छोटी बहन द्वारा शोर मचाए जाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।
परिजनों ने लहूलुहान स्थिति में मोमेना को आनन-फानन में राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल पहुँचाया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) अमित कुमार सिंह के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। राजमहल एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी के नेतृत्व में गठित इस टीम में राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज ,राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी ,बरहरवा थाना प्रभारी सुमीत कुमार सिंह व अन्य शामिल थे।

पुलिस टीम ने सघन छापेमारी करते हुए आरोपी पति सनीर शेख को गिरफ्तार कर लिया । वहीं मामले में पुलिस ने मृतिका के पिता जर्जिस शेख के बयान पर सनीर शेख समेत तीन के विरुद्ध राधानगर थाना कांड संख्या-137/26 में प्राथमिकी दर्ज की है। गिरफ्तार आरोपी को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया ।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *