राजमहल / उधवा: साहिबगंज जिले के राजमहल और उधवा प्रखंड क्षेत्र में पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब का जन्मदिवस (ईद-मिलादुन्नबी) पूरे अकीदत, उत्साह और पारंपरिक श्रद्धा के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस मुबारक मौके पर दोनों क्षेत्रों में आकर्षक जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया, जिसमें हजारों की संख्या में मुस्लिम धर्मावलंबियों ने शिरकत की। जुलूस के दौरान गूंजते नाते-पाक और तकबीर के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
राजमहल में मटियाल बस स्टैंड बना मुख्य समारोह का केंद्र
पैगंबर मोहम्मद साहब के यौम-ए-पैदाइश (ईद मिलादुन्नबी) के मुकद्दस मौके पर राजमहल में जुलूस-ए-मोहम्मदी कमेटी के तत्वावधान में एक भव्य जुलूस एवं सभा का सफल आयोजन किया गया। क्षेत्रीय विधायक मोहम्मद ताजउद्दीन उर्फ एमटी राजा के नेतृत्व में यह जुलूस फुलवरिया चौक से गाजे-बाजे और अकीदत के साथ निकाला गया, जो शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए अंतरराज्यीय बस अड्डा परिसर स्थित सभा स्थल पर पहुंचकर एक जनसभा में तब्दील हो गया।

फोटो : राजमहल में जुलुस में शामिल विधायक एमटी राजा व अन्य
जहां मुख्य समारोह का आयोजन किया गया था। इस स्थल पर आयोजित एक विशाल जनसभा को दर्जनों मुस्लिम धर्मगुरुओं और गणमान्य प्रबुद्ध जनों ने संबोधित किया। वक्ताओं ने हजरत मोहम्मद साहब के जीवन, उनके आदर्शों और मानवता के प्रति दिए गए शांति व भाईचारे के संदेशों पर प्रकाश डाला। उन्होंने समाज में आपसी सौहार्द और इंसानियत की राह पर चलने का आह्वान किया। सभा के उपरांत मुल्क की सलामती की विशेष दुआ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
कार्यक्रम के दौरान विधायक एमटी राजा ने क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार और उसकी लत पर सख्त रुख अपनाते हुए युवाओं को इससे दूर रहने की कड़ी नसीहत दी। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने अभिभावकों के संघर्ष का जिक्र किया और कहा कि जहाँ माता-पिता खून-पसीना बहाकर बच्चों का भविष्य संवारने में जुटे हैं, वहीं नशे के सौदागर मासूम युवाओं को दलदल में धकेल रहे हैं। उन्होंने ऐसे कारोबारियों को सुधरने की अंतिम चेतावनी दी, वहीं भटके हुए युवाओं से अपने बेहतर भविष्य के लिए नशा त्यागने का संकल्प लेने का आह्वान किया। विधायक ने नए-नए तरह के फैलते नशे पर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन को आमजन के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कड़ा नशा-मुक्ति अभियान चलाने के निर्देश दिए और कहा कि समाज को खोखला करने वाली इस स्थिति को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान विधायक प्रतिनिधि सह नगर पंचायत उपाध्यक्ष मोहम्मद मारूफ उर्फ गुड्डू, जिला परिषद सदस्य अब्दुल बारिक शेख, वार्ड पार्षद मोहम्मद बरकत अली, घीसू शेख, मोहम्मद नफील, गुलाम सरवर समेत क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और हजारों की संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे।
वहीं फुलवरिया में जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मौके पर युवाओं द्वारा जुलूसए मोहम्मदी में निकले श्रद्धालुओं को शरबत,मीठा खीर दिया गया। मौके पर तनवीर राजा,मीर रहीम,गुलजार,ताजुद्दीन,मो सद्दाम,मीर करीम,मो इदरीश, मेहरुद्दीन,मुश्ताक,बसीर,जाहिद,तौफीक,मंसूर,सरीफ,हाकिम,आरिफ अन्य युवा मौजूद थे।
उधवा में पीर बाबा दरगाह पर मांगी देश में खुशहाली की दुआ
उधवा प्रखंड क्षेत्र में भी ईद-मिलादुन्नबी का त्योहार बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। प्रखंड के इंग्लिश, फुदकीपुर, गोहालबाड़ी, कटहलबाड़ी, बेगमगंज, प्राणपुर, पलाशगाछी और बालूग्राम सहित कई गांवों से गाजे-बाजे और झंडों के साथ जुलूस निकाला गया।
सारे जुलूस उधवा दरगाह डांगा स्थित प्रसिद्ध पीर बाबा दरगाह (बाबा बहाउद्दीन कादरी) परिसर में एकत्रित हुए। यहां पहुंचे इस्लाम धर्मावलंबियों ने पूरी अकीदत के साथ चादरपोशी व दुआख्वानी की। इस दौरान मुस्लिम समाज के लोगों ने एक स्वर में देश में अमन-चैन, स्थायी शांति, आपसी भाईचारे और समृद्धि के लिए हाथ उठाकर दुआएं मांगी।
उधवा के इस मुख्य आयोजन में राजमहल के सांसद विजय हांसदा, विधायक मोहम्मद ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा, विधायक प्रतिनिधि मोहम्मद मारूफ उर्फ गुड्डू और राजमहल नगर अध्यक्ष केताबुद्दीन शेख समेत अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों ने शिरकत कर लोगों को त्योहार की मुबारकबाद दी। मौके पर मदरसा के अध्यक्ष मसउद आलम,सचिव साफिकुल आलम, कोषाध्यक्ष हाजी मुस्तकीम, मौलाना अब्दुल खालिक, फारूख शम्सी, हाफ़िज़ सईद,नुरूल हक़, हाफ़िज़ ताजामुल अंसारी, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अयुब अली,इब्राहिम शेख़, साब्बीर आलम, इलियास शेख़ सहित अन्य मौजूद थे।
सुरक्षा की रही पुख्ता व्यवस्था
आयोजन को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। जुलूस के मार्गों और मुख्य कार्यक्रम स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती रही। स्थानीय कमेटियों के स्वयंसेवकों ने भी जुलूस के संचालन और भीड़ प्रबंधन में सराहनीय भूमिका निभाई, जिससे पूरा कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
यह भी पढ़ें : राजमहल-गंगा क्षेत्र की भू-विविधता के वैज्ञानिक आकलन के लिए ‘जियो-राजमहल’ परियोजना को हरी झंडी