झामुमो की सांगठनिक बैठक: SIR को लेकर कार्यकर्ताओं को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश

राजमहल/उधवा: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) द्वारा राजमहल और उधवा प्रखंड में विशेष सांगठनिक बैठक का आयोजन किया गया। इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य विशेष मतदाता पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं और बीएलए (BLA) को प्रशिक्षित करना तथा रणनीति तैयार करना था।

राजमहल: सजग रहकर कार्य करें कार्यकर्ता – जिला अध्यक्ष

राजमहल डाक बंगला में नगर अध्यक्ष मो. अजीरुद्दीन उर्फ आजाद की अध्यक्षता में नगर एवं प्रखंड कमेटी की बैठक संपन्न हुई। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला अध्यक्ष अरुण सिंह ने कहा कि पार्टी के मार्गदर्शन पर बीएलए-1 और बीएलए-2 को लगातार प्रशिक्षित किया जा रहा है। उन्होंने निर्देश दिया कि कार्यकर्ता बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर सतर्कता से कार्य करें, ताकि किसी भी वास्तविक मतदाता का नाम मतदाता सूची से न कटे।

उधवा: वास्तविक मतदाताओं का हक न छीने – विधायक प्रतिनिधि

राजमहल के पश्चात उधवा में प्रखंड अध्यक्ष अय्यूब अली उर्फ बाबू दा की अध्यक्षता में प्रखंड स्तरीय बैठक हुई। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि सह युवा जिला सचिव मो. मारूफ उर्फ गुड्डू ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि विपक्षी दल SIR की आड़ में वास्तविक मतदाताओं के नाम कटवाने की साजिश रच रहे हैं, जैसा कि पश्चिम बंगाल के मानिकचक और अन्य क्षेत्रों में देखा गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर यह सुनिश्चित करें कि एक भी वैध मतदाता सूची से बाहर न हो।

दस्तावेजों को लेकर मिली बड़ी जीत

जिला अध्यक्ष अरुण सिंह ने महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा SIR के दौरान पहले 11 प्रकार के दस्तावेजों की मांग की जा रही थी, जिसमें आधार कार्ड और राशन कार्ड शामिल नहीं थे। झामुमो की लंबी लड़ाई और मांग के बाद अब आधार कार्ड और राशन कार्ड को भी मान्य दस्तावेजों की सूची में जोड़ दिया गया है। उन्होंने कहा कि यदि मैपिंग के दौरान किसी का नाम छूट जाता है, तो नियमसंगत दस्तावेजों के साथ उसे दोबारा जुड़वाने का कार्य प्राथमिकता पर किया जाएगा।

बैठक में मुख्य रूप से उपस्थित :

बैठकों में केंद्रीय समिति सदस्य एखलाकुर रहमान, नगर पंचायत अध्यक्ष केताबुद्दीन शेख, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष बसंती हांसदा, प्रो. नजरूल इस्लाम, घीसू शेख सहित भारी संख्या में बीएलए-2 और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Comment