ग्रामीणों को जागरूक करते स्वास्थ्य कर्मी
ग्रामीणों को जागरूक करते स्वास्थ्य कर्मी

साहिबगंज:अंतरराष्ट्रीय सर्पदंश जागरूकता दिवस के अवसर पर शनिवार को सिविल सर्जन कार्यालय के सभागार में सर्पदंश की रोकथाम एवं नियंत्रण विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉक्टर रामदेव पासवान ने की।

कार्यक्रम में जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों (CHO), सिविल सर्जन कार्यालय के पदाधिकारियों, कर्मियों तथा सभी प्रखंडों के प्रखंड डाटा प्रबंधकों ने हिस्सा लिया। इसके साथ ही सर्पदंश से बचाव के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के लिए बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

Advertisement

सर्पदंश के सही उपचार और प्राथमिक देखभाल पर जोर

प्रशिक्षण के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों को सर्पदंश की पहचान, तत्काल किए जाने वाले प्राथमिक उपाय, मरीज को समय पर अस्पताल पहुँचाने, उपचार प्रक्रिया और मृत्यु दर कम करने में स्वास्थ्यकर्मियों की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी गई। सत्र में ‘क्या करें और क्या न करें’ विषय पर व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में प्रशिक्षण प्रदान करने वाले प्रमुख चिकित्सक और विशेषज्ञ:

  • सर्प मित्र जितेंद्र हजारी (वन विभाग): इन्होंने विषैले और गैर-विषैले सांपों को सुरक्षित रूप से लाकर प्रतिभागियों को उनकी पहचान, स्वभाव और व्यवहार की प्रत्यक्ष जानकारी दी।
  • डॉक्टर रंजन कुमार (चिकित्सा पदाधिकारी-सह-प्रभारी, तालझारी): सर्पदंश के मामलों में चिकित्सा सहायता और रेफरल प्रक्रिया पर मार्गदर्शन दिया।
  • डॉक्टर मुकेश कुमार (चिकित्सा पदाधिकारी, सदर अस्पताल): आपातकालीन स्थिति में आवश्यक चिकित्सीय कदम उठाने की जानकारी साझा की।
  • डॉक्टर अमित कुमार (चिकित्सा पदाधिकारी, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र): समय पर इलाज के महत्व पर प्रकाश डाला।

समय पर सही रिपोर्टिंग और जागरूकता आवश्यक: सिविल सर्जन

सिविल सर्जन डॉक्टर रामदेव पासवान ने कहा कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्यकर्मियों को व्यवहारिक जानकारी देना, समुदाय में जागरूकता बढ़ाना, सर्पदंश के मामलों की सटीक रिपोर्टिंग सुनिश्चित करना और अनावश्यक मौतों को रोकना है। उन्होंने सभी स्वास्थ्यकर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM), जिला डाटा प्रबंधक-आईडीएसपी (DDM-IDSP), जिला डाटा प्रबंधक (DDM) सहित जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाई के समन्वयक और अन्य कर्मी उपस्थित रहे।

प्रखंड स्तर पर निकाली गई जागरूकता रैली

अंतरराष्ट्रीय सर्पदंश जागरूकता दिवस पर जिले के सभी प्रखंडों के स्वास्थ्य संस्थानों में जागरूकता रैलियाँ निकाली गईं। रैलियों के जरिए स्वास्थ्यकर्मियों ने लोगों को सर्पदंश से बचाव और अंधविश्वासों से दूर रहने का संदेश दिया।

स्वास्थ्य विभाग की अपील:

स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता से अपील की है कि सर्पदंश की स्थिति में बिल्कुल न घबराएं, झाड़-फूंक में समय नष्ट न करें और मरीज को तुरंत निकटतम स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर डॉक्टरी इलाज कराएं।

Advertisement

Similar Posts

One Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *