उधवा में सड़क जाम करते ग्रामीण
उधवा में सड़क जाम करते ग्रामीण

​उधवा (साहिबगंज): प्रखंड चौक के निकट तालाबवाली मस्जिद के समीप शनिवार रात हुई बारिश के बाद जल निकासी न होने के कारण दर्जनों घरों और धार्मिक स्थलों में बारिश का पानी घुस गया। जिससे आक्रोशित ग्रामीणों ने रविवार सुबह बांस-बल्ला लगाकर सड़क जाम कर दिया।

​मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात प्रखंड में आंधी-तूफान के साथ हुई भारी बारिश से पतौड़ा पंचायत के पहाड़गांव स्थित तालाबवाली मस्जिद क्षेत्र में भीषण जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी लोगों के घरों में घुस गया, जिससे अनाज और घरेलू सामान का भारी नुकसान हुआ है। स्थानीय मस्जिद में पानी भर जाने के कारण सुबह की नमाज अदा करने में भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

​जिससे नाराज रेजाउल शेख, बजहुल शेख, मनीरूल शेख, समीम शेख और बरकत शेख सहित दर्जनों लोगों ने रविवार सुबह उधवा-राजमहल मुख्य मार्ग को पूरी तरह बाधित कर दिया। सड़क जाम होने के कारण फोरलेन के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों और राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। प्रदर्शनकारी जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान और नाला निर्माण की मांग कर रहे थे।

​मामले की सूचना मिलते ही राधानगर थाना पुलिस और NHAI (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जल निकासी की समस्या का जल्द ही तकनीकी समाधान निकाला जाएगा।
प्रशासनिक आश्वासन और जेसीबी मशीन द्वारा तत्काल पानी की निकासी कराए जाने के बाद, करीब तीन घंटे बाद जाम हटाया गया और यातायात पुनः बहाल हो सका।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *