साहिबगंज : नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत संत जेवियर स्कूल के पीछे स्थित गंगा घाट पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आयी। जहाँ गंगा नदी में स्नान करने के दौरान आठवीं कक्षा का एक छात्र गहरे पानी में डूब गया। लापता छात्र की पहचान हरिपुर मोहल्ला निवासी अरुण पांडेय के इकलौते पुत्र अभिज्ञान पांडेय के रूप में हुई है, जो संत जेवियर स्कूल में पढ़ता था। घटना की सूचना मिलते ही घाट पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभिज्ञान सुबह अपने दो दोस्तों के साथ घर से कबड्डी खेलने की बात कहकर निकला था। लेकिन बच्चे खेलने के बजाय गंगा घाट पहुंच गए और नदी में स्नान करने लगे। इसी बीच पैर फिसलने या अंदाजा न मिल पाने के कारण अभिज्ञान गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया। स्थानीय सूत्रों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सूचना पाकर प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। सदर प्रखंड के अंचलाधिकारी (सीओ) बासुकीनाथ टुडू पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
फिलहाल, स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में डूबे छात्र की तलाश के लिए व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। घंटों बीत जाने के बाद भी छात्र का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। बताया जा रहा है कि अभिज्ञान अपने माता-पिता का इकलौता संतान था, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। प्रशासन स्थानीय गोताखोरों के सहयोग से लगातार खोजबीन में जुटा हुआ है और एनडीआरएफ (NDRF) या पेशेवर टीमों को भी सूचित करने की प्रक्रिया की जा रही है।
