पौधारोपण करते न्यायधीश, उपायुक्त व अन्य -sahibganj

साहिबगंज: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर साहिबगंज जिला भर में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और हरित भविष्य के संकल्प के साथ कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन से लेकर व्यवहार न्यायालय और नगर निकायों ने पौधारोपण कर समाज को प्रकृति बचाने का संदेश दिया।

समाहरणालय और विकास भवन में पौधारोपण व शपथ ग्रहण

समाहरणालय परिसर में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दुबे के नेतृत्व में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित हुआ। दीपक कुमार दुबे ने अधिकारियों और कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को जीवन में कम-से-कम एक पौधा जरूर लगाना चाहिए। उन्होंने बुके की जगह पौधे या पुस्तक भेंट करने की परंपरा को बढ़ावा देने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई।

Advertisement

इसी क्रम में विकास भवन परिसर में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा द्वारा पौधारोपण किया गया। उन्होंने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण पर बल देते हुए इसे आने वाली पीढ़ी के सुरक्षित भविष्य के लिए जरूरी बताया। इन कार्यक्रमों में अपर समाहर्ता गौतम कुमार भगत, अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन, कार्यपालक दंडाधिकारी प्रमोद आनंद समेत कई जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद थे।

व्यवहार न्यायालय परिसर में जागरूकता कार्यक्रम

झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर साहिबगंज व्यवहार न्यायालय परिसर में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश (सह-अध्यक्ष, डालसा) अखिल कुमार की अगुवाई में विशेष पौधारोपण अभियान चलाया गया। अखिल कुमार ने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, इसमें आम जनता की भागीदारी जरूरी है।

इस दौरान ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2016 और प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। मौके पर कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश संजय कुमार उपाध्याय, जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश प्रथम गुलाम हैदर, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सिंधु नाथ लामाये सहित कई न्यायिक पदाधिकारी और सिविल कोर्ट के कर्मी उपस्थित थे।

राजमहल में गंगा स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण अभियान

नगर पंचायत राजमहल द्वारा नमामि गंगे घाट (काली घाट) पर विशेष गंगा स्वच्छता अभियान चलाया गया। नगर अध्यक्ष केताबुद्दीन शेख, उपाध्यक्ष मो. मारूफ और कार्यपालक पदाधिकारी दानिश हुसैन के नेतृत्व में गंगा तट की सफाई की गई।
इसके बाद राजमहल व्यवहार न्यायालय परिसर में न्यायिक पदाधिकारियों द्वारा पौधारोपण किया गया।

इस कार्यक्रम में अतिरिक्त प्रधान न्यायाधीश संजीव कुमार सिंह, जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश-प्रथम वैशाली श्रीवास्तव, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश-तृतीय पूर्णेंदु शरण सहित कई न्यायिक अधिकारी, वार्ड पार्षद और स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं उपस्थित रहीं। सभी ने “स्वच्छ गंगा, हरित धरती” के संकल्प के साथ प्रकृति की रक्षा की शपथ ली।

Advertisement

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *