सीएसपी में छानबीन करते पुलिस टीम
|

बरहेट (साहिबगंज): क्षेत्र के पंचकठिया बाजार स्थित एसबीआई के एक कस्टमर सर्विस पॉइंट (सीएसपी) से बुधवार सुबह करीब 9 बजे अज्ञात अपराधियों ने दिनदहाड़े 3 लाख 30 हजार रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना को अंजाम देने के बाद लुटेरे काले रंग की पल्सर बाइक से बरहेट की ओर फरार हो गए। इस संबंध में सीएसपी संचालक विपिन कुमार रुज ने बरहेट थाने में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ सब-इंस्पेक्टर बिट्टू कुमार साह और एएसआई अशोक सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की गंभीरता से छानबीन शुरू कर दी है।

सीएसपी संचालक विपिन कुमार रुज ने बताया कि केंद्र उनकी पत्नी के नाम पर है, जिसका संचालन वे खुद करते हैं। बुधवार सुबह वे एक झोले में करीब 3.50 लाख रुपये नकद लेकर सीएसपी पहुंचे थे। दुकान खोलने के बाद उन्होंने रुपयों की पोटली को दराज में रखा और झाड़ू लगाने लगे। इसी बीच पीछे से आए एक नकाबपोश अपराधी ने उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे वे जमीन पर बैठ गए। इसके बाद अपराधी दराज से रुपयों की पोटली निकालकर बाहर की ओर भागा, जहां पहले से ही हेलमेट पहने एक अन्य सहयोगी बाइक स्टार्ट कर खड़ा था। दोनों अपराधी पलक झपकते ही बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।

पुलिस घटना को लेकर बेहद गंभीर है और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ-साथ हर संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है। गौरतलब है कि हाल ही में बरहेट बाजार में एक स्वर्ण आभूषण की दुकान और एक मेडिकल स्टोर के सामने खड़ी बाइक की डिक्की से करीब 2.50 लाख रुपये उड़ाने की वारदात को भी अंजाम दिया जा चुका है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *