बरहेट में रथयात्रा में शामिल श्रद्धालु
बरहेट में रथयात्रा में शामिल श्रद्धालु

उधवा / बरहेट / बोरियो : गुरुवार को उधवा, बरहेट और बोरियो प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में महाप्रभु भगवान श्री जगन्नाथ, उनके भाई बलभद्र (बलराम) और बहन सुभद्रा की भव्य रथयात्रा पूर्ण श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ निकाली गई। उधवा प्रखंड के पूर्वी उधवा पंचायत अंतर्गत कचहरी घाट परिसर से गाजे-बाजे के साथ रथयात्रा का शुभारंभ हुआ। इस दौरान विभिन्न गांवों से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने “जय जगन्नाथ, जय बलभद्र, जय सुभद्रा” के गगनभेदी नारे लगाए। महिलाओं और युवाओं ने बढ़-चढ़कर रथ की पवित्र रस्सी खींची और महाप्रभु का आशीर्वाद लेकर पुण्य लाभ कमाया, जिसके बाद भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

वहीं बरहेट में रथयात्रा का भव्य आयोजन शाम के समय भक्त ओमीयो नाथ के आवास से शुरू हुआ। महाप्रभु के रथ को खींचने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान “जगन्नाथ चका लैन नीलांचल वाले…” और “हरे कृष्णा हरे राम” के महामंत्र के जयघोष से पूरा बाजार क्षेत्र भक्तिमय हो उठा, जिस पर भक्त मंत्रमुग्ध होकर झूमते-नाचते नजर आए। इस यात्रा में महिला श्रद्धालुओं की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। पूरे नगर भ्रमण के दौरान दर्जनों स्थानों पर भक्तों ने भगवान की सेवा कर प्रसाद चढ़ाया। अंत में देर शाम रथयात्रा हरे कृष्णा इस्कॉन मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई, जहां पश्चिम बंगाल से आए 150 से अधिक इस्कॉन श्रद्धालुओं सहित स्थानीय लोगों के बीच प्रसाद बांटा गया।

बोरियो प्रखंड में भी रथयात्रा को लेकर अभूतपूर्व उत्साह देखा गया, जहां नव वृन्दावन धाम से भव्य रथयात्रा निकाली गई। यात्रा के शुभारंभ से पूर्व बरहेट इस्कॉन मंदिर के कृष्ण भक्त कृष्ण बंधु दास ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना और महाआरती संपन्न कराई। इसके बाद रथयात्रा नव वृन्दावन धाम से निकलकर मुख्य मार्ग, थाना रोड, यादव मोड़ और अस्पताल रोड का भ्रमण करते हुए पुनः धाम वापस पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने हरिनाम संकीर्तन करते हुए भगवान पर पुष्प वर्षा की और कई स्थानों पर रथयात्रा का भव्य स्वागत किया गया। सनातन धर्म में इस यात्रा का विशेष महत्व है, क्योंकि मान्यता के अनुसार भगवान वर्ष में एक बार स्वयं अपने भक्तों को दर्शन देने मंदिर से बाहर निकलते हैं।

इस पावन अवसर पर तीनों ही क्षेत्रों में सुरक्षा और अनुशासन का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। बोरियो में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कृष्ण चारु दास, संतोष भगत, मनोज भगत, मंटू साह, मनोज रूज, गंगा साह, ऋतुराज, अटल बिहारी दत्ता, मिथुन रक्षित और अभिषेक रक्षित सहित दर्जनों प्रमुख श्रद्धालु तथा स्थानीय ग्रामीण मुख्य रूप से उपस्थित रहे। चारों तरफ फैले भक्तिमय वातावरण और श्रद्धालुओं के अपार जनसैलाब ने इस रथयात्रा उत्सव को बेहद ऐतिहासिक और यादगार बना दिया।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *