shivgadi brht

बरहेट: पवित्र सावन माह की दूसरी सोमवारी को बाबा नगरी शिवगादी में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। ‘बोल बम’ और ‘बाबा एक सहारा है’ के जयकारों के साथ देर शाम तक सवा लाख से अधिक शिव भक्तों ने बाबा गाजेश्वर नाथ पर पवित्र गंगा जल अर्पित किया।

रात एक बजे खुले मंदिर के कपाट

कांवड़ियों की भारी भीड़ को देखते हुए प्रबंध समिति ने रविवार देर रात लगभग एक बजे ही बाबा दरबार के कपाट खोल दिए थे। इसके बावजूद, मंदिर परिसर से लेकर मेला क्षेत्र और मुख्य सीढ़ियों तक श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। रविवार रात से ही पूरा मंदिर परिसर, मेला क्षेत्र और सभी धर्मशालाएं श्रद्धालुओं से खचाखच भरी हुई थीं।

प्रशासन और समिति मुस्तैद

उत्तरवाहिनी गंगा (राजमहल) और फरक्का से पवित्र गंगाजल लेकर पहुंचे कांवड़ियों का तांता रात भर बाबा दरबार की ओर बढ़ता रहा। मंदिर के गर्भगृह में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल और पूजा प्रबंध समिति के सदस्यों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और समिति के सदस्य रात भर सेवा में डटे रहे।

कांवरिया पथ में जगह-जगह सेवा शिविर

कांवरिया पथ में लगे दर्जनों सेवा शिविरों के माध्यम से श्रद्धालुओं को निरंतर सुविधाएं और सहायता दी जा रही है। प्रबंध समिति के सदस्य भी बाबा नगरी पहुंचे हर श्रद्धालु को बेहतर से बेहतर सुविधा देने के लिए लगातार तत्पर दिखे। सोमवार रात बाबा गाजेश्वर नाथ का भव्य श्रृंगार पूजन भी संपन्न किया गया।

बरहेट स्थित शिवगादी धाम से नवीन कुमार की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें : साहिबगंज कॉलेज में धूमधाम से मना विश्व आदिवासी दिवस , पारंपरिक दाइयों के सम्मान पर विशेष जोर

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *