राजमहल: नगर पंचायत क्षेत्र के लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराने और शहर की आधारभूत संरचना को मजबूती देने के उद्देश्य से एक बड़ा कदम उठाया गया है। नगर पंचायत राजमहल के विभिन्न वार्डों में लगभग ₹1.20 करोड़ की कुल लागत से सात महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया गया।
इन वार्डों में शुरू होंगी विकास योजनाएँ
- पेयजल व्यवस्था होगी मजबूत: वार्ड संख्या 11, 12, 13 और 14 में जलापूर्ति योजनाओं का शिलान्यास हुआ। इनके पूरा होने से इन इलाकों में सालों से बनी पेयजल समस्या दूर होगी और नागरिकों को साफ पानी की बेहतर सुविधा मिलेगी।
- बेहतर आवागमन के लिए सड़कें: वार्ड संख्या 03 और 06 में कालीकृत (पिच) सड़क तथा वार्ड संख्या 12 में पेवर ब्लॉक सड़क निर्माण का शिलान्यास किया गया। इन सड़कों से स्थानीय लोगों को सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी।
गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष केताबुद्दीन शेख, उपाध्यक्ष मो० मारूफ और कार्यपालक पदाधिकारी दानिश हुसैन ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। कार्यपालक पदाधिकारी ने तकनीकी टीम और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं को तय समय-सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।
नगर पंचायत प्रशासन का कहना है कि नगर क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में प्राथमिकता के आधार पर नागरिक सुविधाओं का विस्तार जारी रहेगा।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर संबंधित वार्डों के वार्ड पार्षद सन्नी साहा, अनिता बसाक, जॉली राय, राजकुमार मंडल, नगर प्रबंधक, कनीय अभियंता, नपं सहायक दिनेश मंडल, जितेश चौधरी सहित नगर पंचायत के अन्य पदाधिकारी, कर्मी व स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें : राजमहल गंगा भवन को हेरिटेज स्थल घोषित करने व राजमहल म्यूजियम की स्थापना की मांग
2 Comments