साहिबगंज:पेयजल एवं स्वच्छता समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दुबे ने की। बैठक के दौरान जिले में जल जीवन मिशन के तहत चलाई जा रही विभिन्न पेयजल योजनाओं की प्रगति की गहन और विस्तृत समीक्षा की गई।
बहुग्रामीण और एकल जलापूर्ति योजनाओं की प्रगति पर चर्चा
बैठक के दौरान जिले में संचालित बहुग्रामीण जलापूर्ति योजना, बल्क वाटर सप्लाई योजना और एकल ग्रामीण जलापूर्ति योजना समेत अन्य संबंधित विकास योजनाओं की वर्तमान स्थिति और क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा हुई।
उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने संबंधित अधिकारियों और कार्यकारी एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी योजनाओं के निष्पादन में तेजी लाई जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुँचाने के लक्ष्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।
लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने का आदेश
बैठक में योजनाओं के प्रभावी अनुश्रवण (मॉनिटरिंग) और लंबित पड़े कार्यों के त्वरित निपटारे को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे क्षेत्र में जाकर कार्यों का नियमित निरीक्षण करें ताकि गुणवत्ता से कोई समझौता न हो।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
इस समीक्षा बैठक में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता शशि शेखर सिंह, संबंधित सहायक अभियंता, कनिय अभियंता तथा विभाग के अन्य कर्मचारी व अधिकारी उपस्थित थे।



One Comment