जानकारी देते एसडीपीओ व अन्य
जानकारी देते एसडीपीओ व अन्य
|

साहिबगंज : जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत साक्षरता मोड़ के समीप यज्ञ स्थल के निकट हुई गोलीबारी मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। साथ ही पुलिस ने घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा भी बरामद कर लिया है । बुधवार को सदर एसडीपीओ किशोर तिर्की ने जिरवाबाड़ी थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जानकारी देते हुए बताया कि कांड में मुख्य आरोपी छोटा पंचगढ़ निवासी लालबाबू (26) को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देसी कट्टा भी बरामद किया है।

बताया गया कि 13 अप्रैल की रात करीब 12 से 1 बजे के बीच साक्षरता मोड़ स्थित यज्ञ स्थल के पास गोलीबारी की घटना हुई थी। इस घटना में चंदन मंडल को गोली लगने से वह घायल हो गया था। मामले में जिरवाबाड़ी थाना कांड संख्या 58 /26 दर्ज किया गया था । घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कांड में शामिल अभियुक्तों की गिरफ़्तारी हेतु एक छापामारी दल का गठन किया गया।

गठित टीम के द्वारा त्वरित गति से कार्य करते हुए कांड का उद्भेदन करते हुए इस कांड में शामिल आरोपी को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया गया । एसडीपीओ ने बताया कि आरोपी ने हथियार छिपाने की बात कबूल की, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घाटी की झाड़ियों में छिपाकर रखा गया देसी कट्टा बरामद किया।

इसी हथियार से उसने चंदन मंडल पर गोली चलाई थी। प्राथमिक जांच में गोलीबारी के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं तथा हथियार की खरीद-फरोख्त के स्रोतों की भी जांच कर रही है। छापेमारी दल में जिरवाबाड़ी थाना के पुलिस अवर निरीक्षक शशि सिंह, पंकज वर्मा, अजित लकड़ा, कार्तिक उरांव, सहायक अवर निरीक्षक संजय कुमार एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *