राजमहल/उधवा : साहिबगंज पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष “खोजे मोबाइल” अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। राजमहल अनुमंडल क्षेत्र से चोरी व गुम हुए कुल 35 मोबाइल फोनों को तकनीकी अनुसंधान के जरिए बरामद कर राधानगर थाना परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उनके मूल स्वामियों को सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस की इस तत्परता से अपने खोए हुए फोन वापस पाकर नागरिकों के चेहरों पर खुशी लौट आई।
बरामद किए गए इन फोनों में राधानगर थाना क्षेत्र से 13, राजमहल थाना क्षेत्र से 13, तालझारी थाना क्षेत्र से 7 और तीनपहाड़ थाना क्षेत्र से 2 मोबाइल शामिल हैं। मोबाइल वितरण का यह कार्य राजमहल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) विमलेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
मौके पर राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, तालझारी थाना प्रभारी नितेश कुमार पांडे, राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज और राधानगर थाना के सहायक अवर निरीक्षक (ASI) जीपी यादव सहित कई अन्य पुलिस पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने आम जनता से अपील की कि वे अपने फोन व निजी सामान के प्रति सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की चोरी या गुमशुदगी की तत्काल सूचना स्थानीय थाने में दर्ज कराएं।
यह भी पढ़ें : जमशेदपुर में सड़क हादसा, ग्रामीण विकास मंत्री की बेटी तृषा सिंह समेत 4 की मौत


