तीनपहाड़: मालदा मंडल के आरपीएफ कमांडेंट वरुण कुमार बेहडा ने शनिवार की शाम तीनपहाड़ आरपीएफ कैंप, रेलवे स्टेशन परिसर और फुट ओवर ब्रिज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन और यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया और उपस्थित अधिकारियों व जवानों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आरपीएफ कमांडेंट ने बैरक की साफ-सफाई, जवानों की तैनाती और स्टेशन परिसर की सुरक्षा का जायजा लिया। फुट ओवर ब्रिज पर लगातार दोपहिया वाहनों की आवाजाही को लेकर उन्होंने गहरी चिंता व्यक्त की। कमांडेंट ने इस पर तत्काल प्रभाव से पूरी तरह रोक लगाने के कड़े निर्देश दिए, ताकि आम यात्रियों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
कमांडेंट वरुण कुमार बेहडा ने ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ जवानों से सीधा संवाद कर उन्हें हर समय अलर्ट रहने की ताकीद की। उन्होंने कहा कि स्टेशन परिसर में होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाए और यात्रियों की सुरक्षा को हमेशा पहली प्राथमिकता दी जाए।
इस औचक निरीक्षण के अवसर पर तीनपहाड़ आरपीएफ कैंप के एएसआई जेके दुबे, हेड कांस्टेबल ब्रिजेश कुमार यादव सहित कई अन्य आरपीएफ जवान और रेल कर्मी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें : साहिबगंज कॉलेज में चित्रांकन प्रतियोगिता का आयोजन , छात्रों ने कैनवास पर उकेरी अद्भुत झलकियाँ



2 Comments