बरहेट: प्रखंड परिसर स्थित सीएमटीसी भवन में ‘बरहेट बाजार आजीविका महिला संकुल स्तरीय प्राथमिक स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड’ की ओर से वार्षिक आम सभा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला परिषद सदस्य मोनिका किस्कु, बीपीएम हितेन्द्र चौबे, और सीएलएफ (CLF) पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इससे पूर्व कार्यक्रम में पहुंचीं अतिथियों का सखी मंडल की महिलाओं ने पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाज से भव्य स्वागत किया।
5 पंचायतों की 4242 महिलाएं सखी मंडल से जुड़ीं
कार्यक्रम के संचालन के दौरान बीएपी रवीन्द्र नाथ मंडल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस संकुल संगठन के तहत प्रखंड की 5 पंचायतों में कुल 415 सखी मंडल (SHG) ग्रुप का गठन किया जा चुका है। इनसे वर्तमान में 4,242 ग्रामीण महिलाएं जुड़ी हुई हैं। इस दौरान सीएलएफ द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 के आय-व्यय का पूर्ण ब्योरा प्रस्तुत किया गया।
आसान ऋण और स्वरोजगार से मिल रही आत्मनिर्भरता
सरकार की मंशा के अनुरूप महिलाओं की आजीविका बढ़ाने के उद्देश्य से संकुल संगठन द्वारा विभिन्न मदों के तहत कम ब्याज दर पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। महिलाओं को सामुदायिक निवेश निधि (CIF), चक्रीय निधि (RF), और कैश क्रेडिट लिंकेज (CCL) के माध्यम से ऋण मुहैया कराया जा रहा है। इससे ग्रामीण महिलाएं स्वरोजगार अपनाकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं।
35 महिला कैडर आजीविका संवर्धन में जुटीं
बैठक में बताया गया कि सामुदायिक स्तर पर कुल 35 महिला कैडर सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। ये कैडर ग्रामीण क्षेत्रों की SHG से जुड़ी महिलाओं को सशक्त, स्वावलंबी और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का काम कर रही हैं।
इस वार्षिक सम्मेलन में जिला कार्यक्रम प्रबंधक मतिन तारिक, डीएम राजेंद्र कुमार, बीपीओ एफआई चांद बाबू अकरम, बीएपी रवीन्द्र नाथ मंडल, सीसी संजय मंडल, सीएलएफ मैनेजर नीभा कुमारी, बबीता कुमारी, सीएलएफ अध्यक्ष कल्याणी देवी, सचिव अलगुन बीबी, कोषाध्यक्ष सुषमा देवी समेत 5 पंचायतों की सखी मंडल की दीदियां बड़ी संख्या में उपस्थित थीं।
यह भी पढ़ें : सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए बरहेट में लगा विशेष कैंप, लोगों ने दिया ड्राइविंग टेस्ट



One Comment