साहिबगंज/मालदा: साहिबगंज–बड़हरवा रेलखंड अंतर्गत सकरीगली और महाराजपुर स्टेशनों के बीच गंगा नदी के तटबंध में हुए कटाव के कारण बाधित डाउन लाइन पर मंगलवार को रेल परिचालन पूरी तरह बहाल कर दिया गया है। ट्रैक पुनर्वास और व्यापक सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद मंगलवार (06 अक्टूबर, 2026) को दोपहर 11:58 बजे डाउन लाइन को यात्री, मेल/एक्सप्रेस और मालगाड़ियों की आवाजाही के लिए ‘फिट’ घोषित कर दिया गया।
ट्रैक बहाल होने के बाद इस मार्ग से पहली ट्रेन (03428 साहिबगंज–हावड़ा पैसेंजर स्पेशल) सफलतापूर्वक गुजरी। रेलवे प्रशासन के अनुसार, 07 अक्टूबर 2026 से सभी ट्रेनें अपनी निर्धारित समय-सारणी और नियमित मार्ग के अनुसार संचालित होने लगेंगी।
800 कर्मचारियों ने चौबीसों घंटे युद्धस्तर पर किया काम
मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में इंजीनियरिंग, विद्युत, यांत्रिक और परिचालन विभाग ने समन्वित प्रयास से इस चुनौतीपूर्ण कार्य को पूरा किया। लगभग 800 रेलवे कर्मचारियों, संविदाकर्मियों, पर्यवेक्षकों और अधिकारियों ने दिन-रात चौबीसों घंटे काम करते हुए प्रभावित रेल अवसंरचना को रिकॉर्ड समय में दुरुस्त किया।
नदी के कटाव को रोकने के लिए किए गए कड़े इंतजाम
रेलवे ट्रैक को भविष्य में गंगा की तेज जलधारा और कटाव से सुरक्षित रखने के लिए कई तकनीकी उपाय किए गए हैं:
- पिरामिड संरचना (Porcupine): जल प्रवाह की गति को कम करने और तलछट जमाव को बढ़ावा देने के लिए त्रिकोणीय पिरामिड आकार की पोरक्यूपाइन संरचनाओं का प्रयोग किया गया।
- गेबियन बॉक्स व बोल्डर क्रेट्स: नदी तट के संवेदनशील हिस्सों को मजबूती देने और मृदा कटाव रोकने के लिए तार-जाल के गेबियन बॉक्स और स्टोन डस्ट का इस्तेमाल किया गया।
ये ट्रेनें अपने निर्धारित मार्ग और गंतव्य पर हुईं बहाल
1. रद्द ट्रेनें (06.10.2026 से पुनः शुरू):
- 63406 साहिबगंज–रामपुरहाट मेमू
- 63073 रामपुरहाट–साहिबगंज मेमू
- 53487 तीनपहाड़–राजमहल पैसेंजर
- 53411 बड़हरवा–साहिबगंज पैसेंजर
- 53408 जमालपुर–रामपुरहाट पैसेंजर
- 53490 राजमहल–तीनपहाड़ पैसेंजर
2. परिवर्तित मार्ग की ट्रेनें (06.10.2026 से पूर्व निर्धारित मार्ग पर):
- 13072 जमालपुर–हावड़ा एक्सप्रेस
- 13404 भागलपुर–रांची वनांचल एक्सप्रेस
- 03030 नतेसर–हावड़ा स्पेशल
3. आंशिक रद्द ट्रेनें (06.10.2026 से निर्धारित गंतव्य तक):
- 53029 आजिमगंज–भागलपुर पैसेंजर
- 13410 किऊल–मालदा टाउन इंटरसिटी एक्सप्रेस
4. 07.10.2026 से निर्धारित स्टेशन से चलने वाली ट्रेनें:
- 53403 रामपुरहाट–गया पैसेंजर
- 53030 भागलपुर–आजिमगंज पैसेंजर
डीआरएम ने टीम को सराहा, यात्रियों का जताया आभार
मालदा मंडल के डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता ने पुनर्बहाली कार्य में जुटे अधिकारियों व कर्मचारियों के समर्पित प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आपदा स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा और सेवाओं की त्वरित बहाली रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मंडल रेल प्रबंधन ने इस कठिन अवधि के दौरान यात्रियों द्वारा दिखाए गए धैर्य और सहयोग के लिए उनका धन्यवाद जताया है।



One Comment