तीनपहाड़ (साहिबगंज): आगामी शारदीय नवरात्रि और दुर्गा पूजा उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को तीनपहाड़ थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी गौरव भगत ने की, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, विभिन्न पूजा समितियों के पदाधिकारियों और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
रूट चार्ट और विसर्जन मार्ग की समीक्षा
बैठक के दौरान थाना प्रभारी गौरव भगत ने क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों की समितियों से उनके रूट चार्ट, कलश यात्रा की रूपरेखा, मेला आयोजन और मूर्ति विसर्जन के निर्धारित मार्गों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि तीनपहाड़ मुख्य बाजार के साथ-साथ निमगाछी, बभनगामा, तेतुलिया सुतीयरपाड़ा और बाकूड़ी जैसे ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में आयोजित होने वाली दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे।
भारी वाहनों की ‘नो एंट्री’, बनाए जाएंगे विशेष बैरियर
पूजा के दिनों में तीनपहाड़ बाजार और आसपास के क्षेत्रों में लगने वाले जाम की समस्या को देखते हुए पूजा कमेटियों ने ‘नो एंट्री’ लागू करने की मांग रखी। आमजनों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने इस पर सहमति जताई। यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए बैंक मोड़ और आर.पी. विद्या विहार के पास विशेष बैरियर लगाए जाएंगे, ताकि भीड़भाड़ वाले इलाकों में बड़े या अनियंत्रित वाहनों का प्रवेश रोका जा सके।
हुड़दंगियों पर रहेगी सख्त नजर, अफवाहों से बचने की अपील
थाना प्रभारी गौरव भगत ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वाले हुड़दंगियों और असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। उन्होंने नागरिकों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की। साथ ही कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें, जिस पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में ये रहे मौजूद: इस अवसर पर मुख्य रूप से सब-इंस्पेक्टर महेंद्र कुमार, शहीद अहमद खान, तीनपहाड़ दुर्गा पूजा समिति के सचिव सिद्धार्थ यादव उर्फ बल्ला, रंधीर सिंह, कुंदन सिंह, चंदन श्रीवास्तव, रामजन्म सिंह, पिंटू यादव, आकाश साहा, सुजीत राय, राजू भगत, सूरज कुमार, संजीत स्वर्णकार, रंजीत दास, गणेश स्वर्णकार, नंदलाल स्वर्णकार, शहीद रिज़वी, बलराम सिंह, आशीष चौरसिया, प्रदीप स्वर्णकार, राहुल यादव, अब्दुल्ला अंसारी सहित भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और पूजा कमेटियों के सदस्य उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें : राजमहल थाना में iRAD/eDAR प्रणाली पर एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित, सड़क दुर्घटना मामलों में त्वरित कार्रवाई पर जोर



One Comment