प्राचार्य के साथ शिक्षक व छात्राएँ
|

साहिबगंज: साहिबगंज महाविद्यालय के स्थापना के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित प्लेटिनम जुबली समारोह के तहत ‘व्याख्यानमाला’ के दूसरे दिन विशेष अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मनोविज्ञान विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. सुरेश्वर प्रसाद और महाविद्यालय की पूर्व प्राचार्य डॉ. मृदुला सिन्हा बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।

1964 से अब तक की विकास यात्रा के संस्मरण साझा

व्याख्यान के दौरान डॉ. सुरेश्वर प्रसाद ने वर्ष 1964 में महाविद्यालय में अपनी सेवा शुरू करने से लेकर वर्तमान समय तक के सफर और अपने अनुभवों को साझा किया। उन्होंने कहा कि उस दौर में प्राध्यापक विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं को शांत करने और उनके मार्ग को प्रशस्त करने के लिए पूरी निष्ठा व कठिन परिश्रम करते थे। उन्होंने कॉलेज के शैक्षणिक और संस्थागत विकास के विभिन्न चरणों का उल्लेख किया, जिसे सुनकर उपस्थित श्रोता भाव-विभोर हो गए।

Advertisement

पूर्व प्राचार्य व विभागाध्यक्ष का पारंपरिक सम्मान

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रंजीत कुमार सिंह ने दोनों वरिष्ठ शिक्षाविदों का पारंपरिक अंगवस्त्र एवं पौधा भेंटकर आत्मीय स्वागत किया। प्राचार्य ने कहा कि इन अनुभवी विभूतियों से वर्तमान पीढ़ी को परिचित कराना गौरव की बात है। उनके अनुभवों और दिखाए रास्ते पर चलकर महाविद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगा। इसके साथ ही उन्होंने छात्र-छात्राओं से पढ़ाई के साथ-साथ अन्य शैक्षणिक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

पढ़ाई के प्रति घटती रुचि पर पूर्व प्राचार्य ने जताई चिंता

पूर्व प्राचार्य डॉ. मृदुला सिन्हा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों के बीच पढ़ाई के प्रति घटती रुचि पर चिंता प्रकट की। उन्होंने छात्रों से अध्ययन के प्रति गंभीर रहने का आह्वान किया और शिक्षकों से पूरे मनोयोग के साथ पठन-पाठन की जिम्मेदारी निभाने की बात कही। उन्होंने वर्तमान प्राचार्य की कार्यशैली की सराहना करते हुए कॉलेज में बेहतर शैक्षणिक माहौल बने रहने की कामना की।

वर्षभर आयोजित होंगे विभिन्न कार्यक्रम

कार्यक्रम का कुशल संचालन मनोविज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. चंद्रशेखर प्रसाद ने किया। उन्होंने 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में सालभर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की और अतिथियों के प्रति आभार जताया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ प्लेटिनम जुबली व्याख्यानमाला के दूसरे दिन का सफल समापन हुआ।

यह भी पढ़ें : साहिबगंज महाविद्यालय में प्लेटिनम जुबली व्याख्यानमाला का शुभारंभ, वक्ताओं ने साझा किए स्वर्णिम इतिहास के संस्मरण

Advertisement

Similar Posts

One Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *