राजमहल (साहिबगंज): झारखंड के साहिबगंज जिले के राजमहल श्मशान घाट से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें अंतिम संस्कार के नाम पर मनमानी फीस वसूलने का मामला सामने आया है। इस वायरल वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय प्रशासन हरकत में आ गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार की रात दुमका से कुछ लोग एक शव का अंतिम संस्कार करने के लिए राजमहल श्मशान घाट पहुंचे थे। आरोप है कि वहां मौजूद डोम राजा द्वारा अंतिम संस्कार के एवज में ₹2100 की मांग की जा रही थी।
जबकि राजमहल नगर पंचायत द्वारा श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार के लिए आधिकारिक तौर पर निर्धारित शुल्क मात्र ₹500 ही तय किया गया है। वायरल वीडियो में पीड़ित परिजनों ने आरोप लगाया है कि ₹1700 दे रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद डोम राजा राशि लेने से इंकार कर रहे हैं। इसी खींचतान और मनमानी के कारण परिजनों को मजबूरी में इसका वीडियो बनाना पड़ा, जो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है।
देखें विडियो : https://www.facebook.com/share/v/1Dca6rd6oS/
जाँच शुरु
इस पूरे प्रकरण पर संज्ञान लेते हुए राजमहल नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी (EO) दानिश हुसैन ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है।
हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वर्तमान में वायरल वीडियो के आधार पर केवल एक पक्ष की बात सामने आई है। निष्पक्ष जांच के बाद ही दूसरे पक्ष का सच भी सामने आ सकेगा। कार्यपालक पदाधिकारी ने कहा है कि किसी भी हाल में आम नागरिकों की सुविधाओं और संवेदनाओं के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर नियमनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें : राजमहल: अवैध लॉटरी के काले कारोबार पर पुलिस का एक्शन, 1879 टिकटों के साथ एक गिरफ्तार



One Comment