प्रेस वार्ता के दौरान मौजूद पुलिस पदाधिकारी
|

राजमहल (साहिबगंज):राजमहल थाना क्षेत्र अंतर्गत कालापत्थर में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। मामले का खुलासा करते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) विमलेश कुमार त्रिपाठी ने प्रेस वार्ता कर पूरी जानकारी दी। इस मौके पर पुलिस इंस्पेक्टर राजीव रंजन, राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी सहित छापेमारी दल के अन्य सदस्य मौजूद थे।

​1 सितंबर को दर्ज हुई थी चोरी की प्राथमिकी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गत 1 सितंबर 2026 को कालापत्थर स्थित तुकई सोरेन के घर में अज्ञात चोरों द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। इस संबंध में राजमहल थाना में कांड संख्या 297/2026, धारा 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था।

Advertisement

विशेष छापेमारी दल ने आरोपी को दबोचा

साहिबगंज पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चोरी की घटना के उद्भेदन और सामान की बरामदगी के लिए SDPO के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था।

गुप्त सूचना और मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी दल ने 12 अक्टूबर की रात्रि ग्राम कालापत्थर स्थित आरोपी के घर पर घेराबंदी कर छापेमारी की, जहां से एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम विष्णु मंडल (पिता- स्व. रामदास मंडल, निवासी- रायबाजार, थाना- राजमहल) बताया।

चोरी के गहने बरामद, आरोपी जेल भेजा गया

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी विष्णु मंडल ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से चोरी गए आभूषण बरामद कर लिए हैं। आरोपी को 13 अक्टूबर 2026 को न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया गया है। वहीं घटना में शामिल उसके अन्य दो साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

बरामद सामानों की सूची:

  • चांदी का कंगन – 2 पीस ​
  • चांदी की सिकड़ी – 1 ​
  • चांदी का लॉकेट (सिकड़ी सहित) – 1 ​
  • चांदी की पायल – 1 जोड़ा

छापेमारी टीम में ये थे शामिल:

इस कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन (राजमहल अंचल), थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, पु०अ०नि० ओम प्रकाश चौहान, पु०अ०नि० पवन यादव, पु०अ०नि० महादेव उरांव, स०अ०नि० सनातन हेम्ब्रम, स०अ०नि० सिकंदर तिर्की, स०अ०नि० बबलु सोरेन एवं सशस्त्र बल के जवान मुख्य रूप से शामिल थे।

यह भी पढ़ें : राजमहल: अवैध लॉटरी के काले कारोबार पर पुलिस का एक्शन, 1879 टिकटों के साथ एक गिरफ्तार

Advertisement

Similar Posts

One Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *