साहिबगंज/ बरहरवा (झारखंड): साहिबगंज पुलिस ने नशीले पदार्थों के काले कारोबार के खिलाफ एक बड़ी और ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। बरहरवा थाना क्षेत्र के मुगलपाड़ा (महाराजपुर) में पुलिस ने छापेमारी कर ब्राउन शुगर से केमिकल के जरिए हेरोइन तैयार करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 5 मुख्य आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
मामले की जानकारी देते हुए बरहरवा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) नितिन खंडेलवाल ने प्रेस वार्ता में पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया। इस दौरान राजमहल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश कुमार त्रिपाठी समेत छापेमारी दल के अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद थे।
गुप्त सूचना पर की गई त्वरित कार्रवाई
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 12 अक्टूबर 2026 को साहिबगंज पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल के मालदा (कलियाचक) के कुछ ड्रग माफिया मुगलपाड़ा स्थित एक मकान में केमिकल का इस्तेमाल कर ब्राउन शुगर से अवैध रूप से हेरोइन तैयार कर रहे हैं और इसकी खरीद-बिक्री में लगे हैं।
सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए एसपी के निर्देश पर बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल और राजमहल एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी के संयुक्त नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
भागने की कोशिश कर रहे 5 तस्कर गिरफ्तार
पुलिस टीम ने जब मुगलपाड़ा स्थित चिन्हित मकान की घेराबंदी कर छापेमारी की, तो मकान के अंदर मौजूद आरोपी पुलिस को देखते ही पीछे के दरवाजे से भागने लगे। हालांकि, मुस्तैद पुलिस बल ने घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
- हजीकुल शेख (41 वर्ष), पिता- स्व० भदरू शेख
- अख्तर आलम (26 वर्ष), पिता- ईदुल शेख
- शजहान शेख (25 वर्ष), पिता- दुरुल शेख
- साहनवाज आलम (19 वर्ष), पिता- तरीकुल आलम
- अमिरूल शेख (45 वर्ष), पिता- स्व० कालू शेख
ये सभी आरोपी इमामजागीर एवं शेरसाई, थाना- कलियाचक, जिला- मालदा (पश्चिम बंगाल) के रहने वाले हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि इस पूरे रैकेट का मुख्य सरगना इस्माइल शेख (पिता- दुरुल शेख) है, जो मालदा का रहने वाला है।
भारी मात्रा में कैश, ड्रग्स और केमिकल बरामद
मकान की तलाशी के दौरान पुलिस को हेरोइन बनाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण, भारी मात्रा में केमिकल और नकदी बरामद हुई है।
- प्रतिबंधित पदार्थ / ब्राउन शुगर: 608 ग्राम
- नकद राशि: ₹5,93,900 (पांच लाख तिरानवे हजार नौ सौ रुपये)
- केमिकल: 15.877 किलोग्राम
- एसीटल क्लोराइड (Acetal Chloride): 13 बोतलें (500 ml की)
- इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन: 03 पीस
- सिलिंग मशीन: 01 पीस
- एक्सटेंशन मशीन: 01 पीस
- पैकेजिंग मटेरियल: 1.4 किलोग्राम
- जनरेटर: 01
- वाहन: 02 मोटरसाइकिलें और 01 हुंडई कार
- मोबाइल फोन: 02 पीस
संगठित अपराध की धाराओं में केस दर्ज
इस मामले में पुलिस ने बरहरवा थाना में कांड संख्या 259/26, दिनांक 12.10.2026 के तहत BNS की धारा 111(2)(b)/111(3) और NDPS एक्ट की धारा 21(c)/25/27A/27B/29 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस इस गिरोह के अन्य नेटवर्क और कड़ियों को खंगालने में जुटी हुई है।
छापेमारी टीम में ये अधिकारी थे शामिल
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल, एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी, राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज, बरहरवा थाना के पु०अ०नि० सुदामा सिंह, राधानगर थाना के पु०अ०नि० संग्राम सिंह सोय सहित अंगरक्षक एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
यह भी पढ़ें : साहिबगंज: तालझारी पुलिस ने 283 ग्राम गांजे के साथ महिला तस्कर को किया गिरफ्तार



One Comment