साहेबगंज: तमिलनाडु के चेन्नई स्थित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आगामी 23 से 27 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली 41वीं जूनियर नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए झारखंड राज्य की 29 सदस्यीय एथलेटिक्स टीम घोषित कर दी गई है। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए साहेबगंज स्थित आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र के ‘वर्ल्ड एथलेटिक्स लेवल 2 कोच’ योगेश यादव को झारखंड राज्य एथलेटिक्स टीम का आधिकारिक प्रशिक्षक (कोच) मनोनीत किया गया है।
पहले भी मिल चुकी है सफलता
योगेश यादव के नेतृत्व में इससे पहले भी कई बार जूनियर और सीनियर एथलेटिक्स टीमें राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर चुकी हैं। इस बार झारखंड की राज्य टीम में साहेबगंज जिले से उनके दो प्रतिभाशाली प्रशिक्षु—परमा हांसदा और एमानुएल किस्कू—भी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
जिला प्रशासन और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर
कोच योगेश यादव और साहेबगंज के दोनों युवा एथलीटों के राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चयन होने पर जिलेभर में हर्ष का माहौल है। उपायुक्त दीपक कुमार दूबे, उपविकास आयुक्त सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक संजय कुमार दास, जिला खेल पदाधिकारी नयन कुमार सहित तमाम जिलेवासियों ने उन्हें भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं दी हैं और प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।
यह भी पढ़ें : साहिबगंज: उधवा के फ्लोरा पब्लिक स्कूल की हुई जांच, 13 प्रमुख बिंदुओं पर 5 सदस्यीय टीम ने परखी व्यवस्थाएं


