राजमहल: हावड़ा डिवीजन के कोटालपोखर स्टेशन के पास चलती ट्रेन में कूचबिहार निवासी महिला यात्री निरुपमा दास के लगभग 13 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात सहित अन्य कीमती सामान की चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले की तफ्तीश के सिलसिले में शनिवार को हावड़ा क्राइम ब्रांच की टीम ने राजमहल पहुँचकर पाकुड़, साहिबगंज पुलिस और आरपीएफ (RPF) के साथ मिलकर छापेमारी अभियान चलाया।
14-15 सितंबर की रात हुई थी चोरी की घटना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 14 और 15 सितंबर की दरमियानी रात की है। पीड़ित महिला यात्री निरुपमा दास ट्रेन के एस-1 (S-1) कोच की बर्थ संख्या 75 और 77 पर यात्रा कर रही थीं। रात करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच कोटालपोखर के पास उनका कॉफी रंग का लेडीज हैंडबैग ट्रेन से नीचे गिर गया था।
बैग में दो सोने की चेन, चूड़ा, माला, हार, दो अंगूठियां, एक अतिरिक्त सोने की चेन, मोटोरोला जी35 मोबाइल फोन और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद थे। चोरी हुए कुल सामान की अनुमानित कीमत लगभग 13 लाख रुपये बताई गई थी।
ससुराल से पकड़ा गया आरोपी, लाल मार्केट से जेवर बरामद
मामले की जांच में जुटी पुलिस टीम ने बरहरवा थाना क्षेत्र निवासी एक आरोपी को राजमहल थाना क्षेत्र के नगेनेश्वर बाग स्थित उसके ससुराल से धर दबोचा। कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी किए गए आभूषणों को अलग-अलग दुकानों पर बेचने की बात स्वीकार की।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने राजमहल थाना क्षेत्र के लाल मार्केट में स्थित प्रदीप साह की सोने की दुकान में दबिश दी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने दुकान से चोरी की दो सोने की चेन और एक जोड़ी कान की बाली बरामद की। पुलिस फिलहाल बरामद गहनों का पीड़िता द्वारा दिए गए ब्योरे से मिलान करा रही है।
स्वर्ण व्यवसायी भी गिरफ्तार, अन्य ठिकानों पर छापेमारी जारी
मामले में पुलिस ने लाल मार्केट स्थित दुकान के मालिक और नयाबाजार निवासी प्रदीप साह को गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के दौरान राजमहल थाना प्रभारी ओम प्रकाश चौहान दलबल के साथ मौजूद रहे।
आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मामले की गहन जांच जारी है। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके द्वारा बेचे गए बाकी आभूषणों की बरामदगी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इस संयुक्त अभियान में हावड़ा क्राइम ब्रांच, सीआईबी बर्द्धमान, आरपीएफ बरहरवा, पाकुड़ आरपीएफ और साहिबगंज जिला पुलिस बल शामिल रहे। पुलिस की टीम शेष बचे आभूषणों की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
यह भी पढ़ें : दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ पर रेलवे का तोहफा: ईस्टर्न रेलवे चलाएगा 10 स्पेशल ट्रेनें, देखें रूट और टाइम-टेबल


