कार्यक्रम के दौरान ई-पत्रिका का विमोचन करते प्रबंधक व अन्य
कार्यक्रम के दौरान ई-पत्रिका का विमोचन करते प्रबंधक व अन्य
|

मालदा: पूर्व रेलवे के मालदा मंडल में 16 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक राजभाषा पखवाड़ा–2026 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित मंदार सभाकक्ष में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता ने अपने हिंदी दिवस संदेश का विमोचन किया और राजभाषा विभाग की ई-पत्रिका ‘बढ़ते कदम’ के हिंदी दिवस विशेषांक का नेट एक्टिवेशन किया।

राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ को दी गई श्रद्धांजलि

इस अवसर पर हिंदी साहित्य के मूर्धन्य साहित्यकार एवं सुप्रसिद्ध कवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की जयंती अत्यंत श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता ने दिनकर जी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद उपस्थित अन्य शाखा अधिकारियों ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

Advertisement

कार्यक्रम में दिनकर जी के साहित्यिक योगदान और हिंदी भाषा के प्रति उनकी सेवाओं को याद किया गया। बहुउद्देशीय प्रशिक्षण केंद्र, मालदा के अनुदेशक पवन कुमार पोद्दार ने दिनकर जी की प्रसिद्ध काव्य रचना ‘उर्वशी’ पर एक विश्लेषणात्मक व्याख्यान प्रस्तुत किया।

ई-पत्रिका ‘बढ़ते कदम’ का विमोचन और हिंदी संगोष्ठी

कार्यक्रम के दौरान राजभाषा ई-पत्रिका ‘बढ़ते कदम’ के हिंदी दिवस विशेषांक का औपचारिक विमोचन मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता द्वारा किया गया। इस ई-पत्रिका में हिंदी साहित्य और राजभाषा से जुड़ी विभिन्न रचनात्मक सामग्रियों को शामिल किया गया है।

इसके साथ ही “सोशल मीडिया और हिंदी : जनसंवाद का नया माध्यम” विषय पर एक हिंदी संगोष्ठी आयोजित की गई। इस संगोष्ठी में डिजिटल माध्यमों के जरिए जनसंवाद को प्रभावी बनाने में हिंदी की भूमिका पर विस्तार से चर्चा हुई। वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक प्रवीण कुमार, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कार्तिक सिंह और वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) निलेश कुमार गौरव ने विषय पर अपने विचार रखे।

राजभाषा पखवाड़ा के तहत आयोजित इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य रेलवे के दैनिक और कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को बढ़ावा देना और साहित्यिक अभिरुचि को प्रोत्साहित करना है।

यह भी पढ़ें : पूर्व रेलवे RPF की बड़ी कार्रवाई: पदातिक एक्सप्रेस में हुई ₹16.41 लाख की चोरी का पर्दाफाश, 2 गिरफ्तार

Advertisement

Similar Posts