साहिबगंज: साहिबगंज महाविद्यालय परिसर से गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में युवाओं और आम जनमानस को एचआईवी-एड्स के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह रैली महाविद्यालय परिसर से शुरू होकर साहिबगंज रेलवे स्टेशन और पटेल चौक से गुजरते हुए गांधी चौक पर समाप्त हुई।
रैली के शुभारंभ के अवसर पर साहिबगंज महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रंजीत कुमार सिंह ने उपस्थित लोगों को संबोधित किया। उन्होंने अपने संदेश में कहा, “हम सभी को समाज में एचआईवी एड्स के प्रति सही जानकारी और जागरूकता फैलाने की आवश्यकता है। सही जानकारी, सुरक्षित व्यवहार, समय पर जांच और उचित इलाज के जरिए ही इस बीमारी को नियंत्रित किया जा सकता है।” प्राचार्य ने आम लोगों से अपील की कि वे एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव न करें और उन्हें समाज में सहयोग एवं सम्मान प्रदान करें।
इस अवसर पर साहिबगंज सदर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. रामदेव पासवान, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. कुमार प्रशांत भारती, डॉ. शोभा मुर्मू, डॉ. प्रिया सिंह और डॉ. अनु सुमन वाड़ा उपस्थित रहे। इसके अलावा बीएड (B.Ed) विभाग के प्राध्यापक प्रो. चंद्रशेखर, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक, राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के कैडेट्स, महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं और शहर के कई गणमान्य नागरिक भी इस रैली में शामिल हुए और कार्यक्रम को सफल बनाया।
यह भी पढ़ें : तीनपहाड़: बाबा मनोकामना नाथ शिव मंदिर से पीतल की घंटी चोरी, पुलिस जांच में जुटी



2 Comments