उधवा में ईद की नमाज के दौरान लोग

उधवा: त्याग, समर्पण और बलिदान का प्रतीक त्योहार ‘ईद-उल-अजहा’ (बकरीद) गुरुवार को प्रखंड क्षेत्र में अत्यंत हर्षोल्लास, पारंपरिक श्रद्धा और आपसी भाईचारे के साथ शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रखंड की विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में नमाजियों ने सामूहिक रूप से नमाज अदा कर देश में अमन, चैन और खुशहाली की दुआ मांगी।

सुबह से ही ईदगाहों में रही चहल-पहल
त्योहार को लेकर सुबह से ही मुस्लिम समुदाय के लोगों में भारी उत्साह देखा गया। लोग सुबह स्नान कर और नए वस्त्र धारण कर निर्धारित समय पर नजदीकी ईदगाहों की ओर रुख करने लगे। सुबह करीब 7:00 बजे से ही ईदगाह परिसरों में नमाजियों की भीड़ जुटने लगी थी।

प्रखंड क्षेत्र के पहाड़गांव , दरगाहडांगा, इंग्लिश ,कटहलबाड़ी, बेगमगंज , प्राणपुर , पलासगाछी, पियारपुर व अन्य ईदगाहों में सामूहिक नमाज का आयोजन किया गया। नमाज संपन्न होने के उपरांत सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद-उल-अजहा की मुबारकबाद दी।

सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा। संवेदनशील इलाकों और प्रमुख चौक चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया, जिसके कारण पूरा पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों ने दी बधाई

त्योहार का उत्साह डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर भी खूब देखने को मिला। लोगों ने सुबह से ही फेसबुक, व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया माध्यमों से अपने मित्रों, परिजनों और शुभचिंतकों को आकर्षक संदेश व तस्वीरें साझा कर बकरीद की बधाई दी।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *