राजमहल (साहिबगंज): कार्तिक मास की पंचमी तिथि के शुभ अवसर पर शुक्रवार देर शाम राजमहल नगर पंचायत स्थित महाजन टोली गंगा घाट पर भव्य गंगा महाआरती और दीपदान का आयोजन किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और पूरे विधि-विधान के साथ मां गंगा की पूजा-अर्चना की।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुई महाआरती
गंगा महाआरती का आयोजन पुरोहित विश्वजीत पांडे द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और संपूर्ण धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया। इस अवसर पर गंगा समग्र के प्रांत सहसंयोजक भूदेव कुमार ने अपने जन्मदिवस के खास मौके पर मुख्य यजमान के रूप में पूजा-अर्चना की।
कार्तिक मास में गंगा स्नान और दीपदान का विशेष महत्व
कार्यक्रम के दौरान पुरोहित विश्वजीत पांडे ने कार्तिक माह की महिमा का बखान करते हुए कहा कि कार्तिक मास को पुरुषोत्तम मास भी कहा जाता है। इस महीने में गंगा स्नान और दीपदान करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है।
मां गंगा को स्वच्छ और निर्मल रखने का लिया संकल्प
पूजा के बाद गंगा समग्र के प्रांत सहसंयोजक भूदेव कुमार ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए गंगा स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने कहा, “हम गंगा को मां मानते हैं, इसलिए इसे निर्मल और स्वच्छ रखना हम सभी का परम कर्तव्य है। मां गंगा पाप नाशिनी और जीवन दायिनी हैं, जिनके केवल दर्शन और स्नान मात्र से समस्त पापों का नाश हो जाता है। हम सभी को मां गंगा को स्वच्छ और अविरल बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए।”
जयकारों से गूंज उठा गंगा तट
महाआरती के दौरान पूरा गंगा तट ‘हर-हर गंगे’ के भक्तिमय जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने गंगा नदी में दीप प्रवाहित कर (दीपदान) नदी को स्वच्छ रखने का संकल्प दोहराया।
इस भव्य आयोजन में सोमनाथ पांडे, मिथुन पांडे, सुदीप अग्रवाल, कौशिक दास, सूरज मालदार, राकेश घोष, सौरभ घोष, देव ज्योति पांडे और किशन कुमार सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें : J-TET Exam 2026: तीनपहाड़ परीक्षा केंद्र का थाना प्रभारी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा के कड़े इंतजाम



2 Comments