2026 03 14 4 e1773507364366

साहिबगंज : जिला शिक्षा अधीक्षक कुमार हर्ष ने शनिवार को जिले में आयोजित कक्षा 1 से 7 तक की SA-2 (समेकित मूल्यांकन-2) परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण किया । निरीक्षण के क्रम में उन्होंने बेसिक स्कूल अदरो, यूएचएस पुलिस लाइन साहिबगंज तथा यूएमएस छोटा पांगरो, बोरियो सहित कई विद्यालयों का दौरा कर परीक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन को परीक्षा संचालन में पारदर्शिता, अनुशासन एवं समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से बातचीत भी की तथा परीक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। सभी विद्यालयों में परीक्षा शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं निष्पक्ष वातावरण में संचालित होती पाई गई।

इस अवसर पर उन्होंने बताया कि साहिबगंज जिले के सभी प्रखंडों में कक्षा 1 से 7 तक की SA-2 परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई, जो कि जिले के शिक्षकों, विद्यालय प्रबंधन समितियों तथा शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है।

निरीक्षण के क्रम में यूएमएस छोटा पांगरो, बोरियो विद्यालय में संचालित मध्याह्न भोजन (MDM) की भी जांच की गई। जिला शिक्षा अधीक्षक द्वारा भोजन की खाद्य गुणवत्ता का स्वाद परीक्षण किया गया तथा भोजन की स्वच्छता, गुणवत्ता एवं पोषण मानकों का अवलोकन किया गया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ भोजन नियमित रूप से उपलब्ध कराया जाए।

जिला शिक्षा अधीक्षक ने सभी शिक्षकों एवं विद्यालय कर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं पोषण का भी विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जिले में शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए इस प्रकार के निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे।

इस निरीक्षण के माध्यम से शिक्षा विभाग की यह स्पष्ट प्रतिबद्धता सामने आई कि जिले के सभी विद्यालयों में परीक्षा की निष्पक्षता, शैक्षणिक गुणवत्ता तथा छात्र-छात्राओं के समग्र विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *