साहिबगंज : उपायुक्त दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विद्यालयों में शिक्षक एवं छात्र उपस्थिति, परीक्षा परिणाम, APAAR ID जनरेशन, नामांकन, पाठ्यपुस्तक वितरण सहित विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में शिक्षक उपस्थिति की समीक्षा के दौरान पाया गया कि जिले में बायोमैट्रिक शिक्षक उपस्थिति 84.27 प्रतिशत है, जबकि लगभग 15 प्रतिशत विद्यालयों में बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज नहीं हो पा रही है। इस पर उपायुक्त ने सभी सीआरपी (CRP) को निर्देश दिया कि ऐसे विद्यालयों का एक माह के भीतर भौतिक सत्यापन कर विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराएं कि किन कारणों से बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज नहीं की जा रही है।
साथ ही नेटवर्क कवरेज होने के बावजूद अगर कोई शिक्षक बायोमेट्रिक उपस्थित दर्ज नहीं कर रहा हो तो अनुशासनात्मक कार्रवाई हेतु प्रस्ताव उपलब्ध करने का निर्देश दिया गया।छात्रों की उपस्थिति की समीक्षा के क्रम में तालझारी प्रखंड की प्रगति अपेक्षाकृत कम पाई गई, जिस पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय (CM SOE) के CBSE कक्षा 10वीं विज्ञान संकाय के परीक्षा परिणाम की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने परिणाम अपेक्षाकृत कम होने के कारणों की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों में अतिरिक्त घंटी आधारित शिक्षकों की नियुक्ति हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए शीघ्र प्रस्ताव समर्पित करने को कहा।
बैठक के दौरान बीआरपी (BRP) एवं सीआरपी द्वारा विद्यालय भ्रमण, स्कूल बैग वितरण तथा पाठ्यपुस्तक वितरण की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए गए।APAAR ID जनरेशन की समीक्षा में बोरियो, मंडरो, पतना एवं तालझारी प्रखंडों की प्रगति असंतोषजनक पाई गई। इस पर उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं सीआरपी को अभियान चलाकर 100 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने का निर्देश दिया।
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV) में छात्राओं के नामांकन की समीक्षा करते हुए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मंडरो एवं उधवा KGBV में अद्यतन अपेक्षाकृत कम नामांकन पर चिंता व्यक्त करते हुए यथाशीघ्र शत प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।विद्यालयों में पेयजल व्यवस्था की समीक्षा के दौरान दूरस्त क्षेत्रों के कुछ विद्यालयों में पेयजल सुविधा उपलब्ध नहीं होने की जानकारी प्राप्त हुई।
इसपर उपायुक्त ने सोलर आधारित जलमीनार एवं डीप बोरिंग से संबंधित प्रस्ताव तैयार कर समर्पित करने का निर्देश दिया। मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी दुर्गानंद झा, जिला शिक्षा अधीक्षक कुमार हर्ष, सभी बीआरपी, सीआरपी तथा शिक्षा विभाग के अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।