साहिबगंज रेल पुलिस दुष्कर्म आरोपी परमेश कुमार महतो गिरफ्तार
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आरोपी के गिरफ्तारी की जानकारी देते RPF और GRP के अधिकारी।
|

साहिबगंज: तालझारी थाना क्षेत्र के महाराजपुर में नाबालिग किशोरी के साथ हुए दुष्कर्म मामले में रेल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। घटना के पांच दिनों बाद आरपीएफ (RPF) और जीआरपी (GRP) की संयुक्त टीम ने मुख्य आरोपी परमेश कुमार महतो को गिरफ्तार कर लिया है।

शनिवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरपीएफ निरीक्षक गुलाम सरवर और जीआरपी थाना प्रभारी कैलाश प्रसाद महतो ने मामले की विस्तृत जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि शुरुआत में यह चर्चा थी कि घटना महाराजपुर रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन की बोगी में हुई है। हालांकि, गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा किया है।

बताया गया कि “आरोपी परमेश कुमार महतो ने स्वीकार किया है कि उसने पीड़िता के साथ ट्रेन में नहीं, बल्कि गंगा तट के दियारा क्षेत्र में स्थित एक सुनसान झोपड़ी में घटना को अंजाम दिया था।”

सकरीगली स्टेशन के पास बिछाया गया जाल
14 मार्च को हुई इस घटना के बाद पीड़िता के परिजनों ने साहिबगंज जीआरपी थाना में मामला दर्ज कराया था (कांड संख्या 10/2026)। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए एक विशेष संयुक्त टीम का गठन किया।

  • पुलिस ने तीनपहाड़ और पश्चिम बंगाल के आसनसोल समेत कई ठिकानों पर छापेमारी की।
  • शनिवार की सुबह गुप्त सूचना के आधार पर सकरीगली रेलवे स्टेशन के पास जाल बिछाया गया, जहाँ से आरोपी को दबोच लिया गया।

न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया । इस सफल छापेमारी दल में जीआरपी थाना प्रभारी कैलाश प्रसाद महतो, आरपीएफ निरीक्षक गुलाम सरवर, सब इंस्पेक्टर हिमांशु कुमार हेमंत, सहायक सब इंस्पेक्टर मुस्ताक अहमद, अरविंद कुमार यादव और राजेश कुमार राय शामिल थे।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *