मालदा:
पूर्व रेलवे के मालदा रेल मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता के नए आयाम हासिल किये हैं। मंडल रेल प्रबंधक (DRM) मनीष कुमार गुप्ता के नेतृत्व में रेल मंडल ने राजस्व, परिचालन और बुनियादी ढांचे के विकास में अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धियां हासिल की ।
वाणिज्य विभाग ने यात्री सेवाओं से 536.31 करोड़ रुपये की कमाई की , जो पिछले साल के मुकाबले करीब 6.32 प्रतिशत अधिक है। रेलवे की इस सफलता में बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ चलाए गए अभियान का बड़ा हाथ रहा, जिससे टिकट चेकिंग आय में 100 प्रतिशत से भी ज्यादा की ऐतिहासिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
माल ढुलाई के मामले में भी मालदा मंडल ने अपनी स्थापना के बाद से अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किया । वरिष्ठ मंडल संचालन प्रबंधक अमरेन्द्र कुमार मौर्य की देखरेख में इस साल 18 मिलियन टन से अधिक माल की ढुलाई की गई, जो एक नया रिकॉर्ड है।
इसके साथ ही इंजीनियरिंग विभाग ने भी पटरियों के नवीनीकरण और रखरखाव के लक्ष्यों को समय से पहले और उम्मीद से बेहतर तरीके से पूरा किया है। विभाग ने विविध आय के रूप में 17.16 करोड़ रुपये जुटाए हैं, जो कि तय लक्ष्य से दोगुने से भी ज्यादा है।
सुरक्षा और आधुनिकीकरण के क्षेत्र में सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग ने महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। मालदा टाउन गुड्स यार्ड में आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम शुरू किया गया है, जिससे ट्रेनों का परिचालन पहले से अधिक सुरक्षित और तेज होगा।
साथ ही यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए स्टेशनों पर सीसीटीवी निगरानी, आधुनिक सूचना प्रणाली और बेहतर संचार नेटवर्क स्थापित किए गए हैं। रेल अधिकारियों का कहना है कि यह बड़ी सफलता टीम वर्क और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने की प्रतिबद्धता का परिणाम है।