सहरसा और जमालपुर के बीच नई मेमू ट्रेन सेवा शुरू, देखें पूरा टाइम टेबल

मालदा/सहरसा:
रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सहरसा और जमालपुर के बीच एक नई मेमू (MEMU) पैसेंजर ट्रेन सेवा शुरू करने का बड़ा फैसला लिया है। पूर्व रेलवे के मालदा मंडल द्वारा जारी सूचना के अनुसार, ट्रेन संख्या 63398/63397 सहरसा–जमालपुर–सहरसा मेमू पैसेंजर का परिचालन आगामी 7 अप्रैल 2026 से नियमित रूप से शुरू कर दिया जाएगा। इस नई सेवा के शुरू होने से कोसी और मुंगेर क्षेत्र के दैनिक यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।

सहरसा से सुबह और जमालपुर से रात में चलेगी ट्रेन
समय-सारणी के अनुसार, ट्रेन संख्या 63398 सहरसा से प्रतिदिन सुबह 05:15 बजे प्रस्थान करेगी। रास्ते में यह परमिनिया हॉल्ट, सोनबरसा कचहरी, सिमरी बख्तियारपुर, कोपरिया, धमारा घाट, मानसी, खगड़िया और मुंगेर होते हुए सुबह 08:05 बजे जमालपुर पहुँचेगी। वहीं वापसी में, ट्रेन संख्या 63397 जमालपुर से रात 21:45 बजे प्रस्थान करेगी और मुंगेर, खगड़िया व मानसी के रास्ते देर रात 01:00 बजे सहरसा पहुँचेगी।

पुराणी स्पेशल ट्रेन सेवा होगी बंद
रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस नई मेमू ट्रेन के शुरू होने के साथ ही, वर्तमान में चल रही गाड़ी संख्या 05509/05510 सहरसा-जमालपुर-सहरसा मेमू स्पेशल ट्रेन की सेवा 7 अप्रैल 2026 से स्थाई रूप से समाप्त कर दी जाएगी। अब इसके स्थान पर नई ट्रेन 63398/63397 अपनी निर्धारित समय-सारणी के अनुसार संचालित होगी।

इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
यह ट्रेन अपनी यात्रा के दौरान परमिनिया हॉल्ट, सोनबरसा कचहरी, बाबा रघुनी हॉल्ट द्वारिका, सिमरी बख्तियारपुर, कोपरिया, फंगो, धमारा घाट, बदला घाट, मानसी जंक्शन, खगड़िया जंक्शन, उमेश नगर, सबदलपुर जंक्शन और मुंगेर स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में रुकेगी। स्थानीय रेल प्रशासन ने यात्रियों से इस नई सेवा का लाभ उठाने की अपील की है।

Leave a Comment