बैठक में मौजूद उपायुक्त व अन्य पदाधिकारी
बैठक में मौजूद उपायुक्त व अन्य पदाधिकारी

साहिबगंज : समाहरणालय स्थित सभागार में गुरुवार को जिला समन्वय समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त हेमंत सती ने किया । बैठक में जिले की सुरक्षा और विकास को लेकर कई कड़े फैसले लिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह और वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग की मौजूदगी में उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन और नियमों के उल्लंघन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उपायुक्त ने जिला टास्क फोर्स को निर्देशित किया कि जो ईंट भट्ठे बिना सीटीओ (Consent to Operate) के चल रहे हैं। उन्हें 25 अप्रैल तक ध्वस्त करने की कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही, खनन मापी प्रतिवेदन के आधार पर अवैध खनन में लिप्त लोगों के खिलाफ त्वरित कानूनी कार्रवाई का आदेश दिया गया।

मोबाइल चोरी की घटनाओं पर विशेष निगरानी के निर्देश :

बैठक के दौरान उपायुक्त ने हाल ही में कानपुर में मोबाइल चोरी के मामलों में साहिबगंज जिले का नाम जुड़ने पर गहरी चिंता जताई। जिले की छवि और कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए उन्होंने एक विशेष कमेटी के गठन का निर्देश दिया। जो ऐसे मामलों पर सतत निगरानी रखेगी। इसके अतिरिक्त, पुलिस बाइक गश्ती को और अधिक प्रभावी बनाने और हर शनिवार को सभी थानों में “थाना दिवस” का नियमित आयोजन करने पर बल दिया गया। ताकि आम जनता की शिकायतों और लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन हो सके।

सड़क और जल परिवहन सुरक्षा पर पैनी नजर :

सड़क सुरक्षा की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने “हिट एंड रन” के मामलों में गंभीरता दिखाने और बिना हेलमेट या कागजात के चलने वाले वाहनों के विरुद्ध चालान अभियान तेज करने को कहा। उन्होंने परिवहन विभाग को स्पष्ट निर्देश दिया कि गंगा नदी में संचालित नावों की नियमित जांच की जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। फॉरेस्ट क्लीयरेंस से संबंधित अटके हुए प्रोजेक्ट्स को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।

इस महत्वपूर्ण बैठक में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, आईटीडीए निदेशक संजय कुमार दास, सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान, अपर समाहर्ता गौतम भगत, राजमहल एसडीओ सदानंद महतो सहित जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) और अंचलाधिकारी (CO) मुख्य रूप से उपस्थित थे।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *