साहिबगंज:भवन प्रमंडल द्वारा संचालित योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित

फोटो : बैठक करते उपायुक्त व अन्य

साहिबगंज : उपायुक्त दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में कार्यालय प्रकोष्ठ में सोमवार को भवन प्रमंडल/झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड (JSBCCL) द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं समयसीमा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

उपायुक्त ने लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने का निर्देश देते हुए कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर एवं उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, विशेष रूप से मानसून से पूर्व निर्माण कार्यों को हर हाल में पूरा करने पर बल दिया। साथ ही, पूर्ण हो चुकी योजनाओं के हैंडओवर की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र हैंडओवर प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में साहिबगंज में जब्त किए गए नारकोटिक्स ड्रग्स एवं साइकोट्रोपिक्स पदार्थों के सुरक्षित भंडारण हेतु बनाए जा रहे मॉडल स्टोरेज सुविधा के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने इस कार्य की जांच कराते हुए आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर शीघ्र हैंडओवर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं कोर्ट भवन के रेनोवेशन कार्य के दौरान हटाए गए सोलर पैनलों को पुनः स्थापित कर उन्हें सुचारू रूप से संचालित करने हेतु संबंधित सहायक अभियंता को आवश्यक निर्देश दिए गए।

वहीं प्रखंड राजमहल, बरहेट, पतना, उधवा एवं मंडरो में 1000 एमटी क्षमता वाले गोदाम निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए बताया गया कि पतना प्रखंड में निर्माण कार्य प्रगति पर है, जबकि बरहेट प्रखंड में भूमि विवाद के कारण कार्य प्रभावित है। इस पर उपायुक्त ने संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवश्यक समन्वय स्थापित कर विवाद का शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया।

बरहेट प्रखंड के शिवगादी धाम में हेलीपैड निर्माण कार्य के दौरान स्थानीय स्तर पर उत्पन्न अवरोधों पर संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को ग्रामीणों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया।

आंगनबाड़ी भवन निर्माण की समीक्षा में बताया गया कि कुल 65 आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कार्य भवन प्रमंडल को आवंटित किया गया था, जिसमें से 52 का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, 03 निर्माणाधीन हैं तथा 10 को विभाग द्वारा निरस्त कर दिया गया है।

इसके अतिरिक्त, बरहेट प्रखंड के बोङबाँध में प्रस्तावित विद्यालय निर्माण हेतु चयनित स्थल पर आ रहे भूमि विवाद का शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया। वहीं, को-एड विद्यालय साहिबगंज के अधूरे निर्माण कार्य के संबंध में अंतिम प्रक्रिया पूर्ण कराने हेतु कार्यपालक निदेशक, JSBCCL को पत्राचार करने के निर्देश दिए गए।

बाल सुधार गृह साहिबगंज के निर्माण कार्य की प्रशासनिक स्वीकृति सक्षम स्तर से कराए जाने पर विमर्श किया गया एवं समाधान निकालने पर बल दिया गया।

बैठक में कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Comment