मालदा डीआरएम से मुलाकात करते राजमहल विधायक एवं समिति के सदस्य की तस्वीर
मालदा डीआरएम से मुलाकात करते राजमहल विधायक एवं समिति के सदस्य

राजमहल/ तीनपहाड़: राजमहल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत तीनपहाड़ जंक्शन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार, प्रमुख ट्रेनों के ठहराव और महत्वपूर्ण रेल अंडरपास पुल के नवीनीकरण की मांगों को लेकर बुधवार को एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने मालदा के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) से मुलाकात की। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व क्षेत्रीय विधायक मोहम्मद ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने किया।

इस अवसर पर ‘तीनपहाड़ क्षेत्रीय विकास संघर्ष समिति’ के सदस्य और विधायक प्रतिनिधि मोहम्मद मारूफ मुख्य रूप से उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने डीआरएम को जनहित से जुड़ी 9 सूत्री मांगों का एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा और इन पर अविलंब सकारात्मक कार्रवाई करने का आग्रह किया।

राजमहल के ऐतिहासिक और पर्यटन महत्व को रेखांकित किया

डीआरएम को सौंपे गए ज्ञापन में विधायक एमटी राजा ने क्षेत्र की ऐतिहासिकता का हवाला देते हुए बताया कि राजमहल मुगलकाल में बिहार, बंगाल और उड़ीसा की राजधानी रहा है। यहाँ जामी मस्जिद, बारादरी, सिंघी दलान जैसे ऐतिहासिक धरोहरों के साथ-साथ झारखंड का एकमात्र रामसर साइट ‘उधवा पक्षी अभ्यारण्य’ और खाद्यान्न जीवाश्म (फॉसिल्स) क्षेत्र स्थित है।

इसके अतिरिक्त, कन्हाई नाट्यशाला (गुप्त वृंदावन) और उत्तरवाहिनी गंगा तट पर आयोजित होने वाले ‘राजकीय माघी पूर्णिमा मेला’ में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु आते हैं। साहिबगंज जिले के राजमहल, उधवा, तालझारी और बोरियो प्रखंड के लाखों लोगों के आवागमन का मुख्य केंद्र तीनपहाड़ जंक्शन ही है, इसलिए यहाँ यात्री सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण बेहद अनिवार्य है।

प्रतिनिधिमंडल की मुख्य 9 सूत्री मांगें:

  1. रेल अंडरपास का नवीनीकरण: तीनपहाड़ रेल अंडरपास पुल का अविलंब नवीनीकरण कर आवागमन शुरू किया जाए, जिससे क्षेत्र की लगभग 80,000 की आबादी को सीधा लाभ मिल सके।
  2. प्रमुख ट्रेनों का ठहराव: तीनपहाड़ जंक्शन पर मालदा-पटना इंटरसिटी (13415/13416), ब्रह्मपुत्र मेल (15657/15658), मालदा-आनंद विहार एक्सप्रेस (14003/14004), गुवाहाटी-दादर एक्सप्रेस (15647/15648) और गया-कामाख्या एक्सप्रेस (15619/15620) का ठहराव सुनिश्चित हो।
  3. यात्री सुविधाएं: स्टेशन पर प्रथम श्रेणी और महिला प्रतीक्षालय का निर्माण कर समुचित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
  4. अमृत भारत योजना: तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन का सौंदर्यीकरण ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत किया जाए।
  5. मार्केट कॉम्प्लेक्स का निर्माण: तीनपहाड़, राजमहल और साहिबगंज में रेलवे की खाली पड़ी जमीनों पर व्यावसायिक दृष्टिकोण से मार्केट कॉम्प्लेक्स बनाया जाए, जिससे स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिले।
  6. PRS काउंटर का विस्तार: तीनपहाड़ और राजमहल के पीआरएस (रिजर्वेशन) काउंटर की समयावधि बढ़ाई जाए और रविवार को भी काउंटर खोलने की व्यवस्था हो।
  7. प्लेटफॉर्म विस्तार: राजमहल स्टेशन पर वर्तमान में एकमात्र प्लेटफॉर्म है, जिसका विस्तार करते हुए नए प्लेटफॉर्म का निर्माण किया जाए।
  8. ट्रेन परिचालन: साहिबगंज-दानापुर इंटरसिटी ट्रेन (13235/13236) का परिचालन साहिबगंज के बजाय तीनपहाड़ जंक्शन से शुरू किया जाए।
  9. तालझारी में ठहराव: तालझारी रेलवे स्टेशन पर मालदा-किऊल इंटरसिटी एक्सप्रेस (13409/13410) का ठहराव दिया जाए।

प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल

डीआरएम मालदा कार्यालय पहुंचे इस शिष्टमंडल में तीनपहाड़ क्षेत्रीय विकास संघर्ष समिति के प्रमुख सदस्य शामिल थे, जिनमें प्रोफेसर अनिल सरकार, रणधीर सिंह, मोहम्मद अनीस, बाकी बनी, मुर्शीद राजा, आफताब आलम, मोहम्मद वकार और राम दर्शन सिंह सहित कई अन्य गणमान्य लोग व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

डीआरएम ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और जनहित से जुड़े इन विषयों पर नियमानुसार उचित व त्वरित पहल करने का आश्वासन दिया।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *