राजमहल : राजमहल थाना क्षेत्र के मटियाल के चहरबन्ना, वार्ड नंबर 12 में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय किशोर की जान चली गई। मृतक की पहचान मटियाल निवासी मुख्तार शेख के पुत्र समीउल शेख के रूप में हुई है। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
पतंग निकालने के दौरान हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, समीउल शेख अपने घर के आसपास दोस्तों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान उसकी पतंग पास के ही एक पेड़ में जाकर फंस गई। पतंग को बाहर निकालने के लिए समीउल पेड़ पर चढ़ गया। पेड़ के बिल्कुल करीब से गुजर रहे High-Voltage (11 हजार वोल्ट) बिजली के तार से उसका शरीर स्पर्श हो गया। तेज करंट लगते ही वह बुरी तरह झुलस गया और अनियंत्रित होकर पेड़ से नीचे आ गिरा।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय ग्रामीण आनन-फानन में समीउल को राजमहल अनुमंडल अस्पताल ले गए। हालांकि, अस्पताल के डॉक्टर उदय टुडू ने प्राथमिक जांच के बाद ही उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की जानकारी मिलते ही राजमहल थाना के एसआई एसके तिर्की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने जताया शोक
हादसे की खबर मिलते ही नगर पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद केताबुद्दीन शेख और स्थानीय वार्ड पार्षद राजू सरकार घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर इस दुख की घड़ी में उन्हें ढांढस बंधाया।
घटना के बाद से ग्रामीणों का कहना है कि आवासीय क्षेत्र और पेड़ों के इतने करीब से 11 हजार वोल्ट की नंगी तारें गुजर रही हैं, जो हर वक्त किसी बड़े हादसे को न्योता देती हैं। स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग से तारों की तुरंत जांच कराने, इंसुलेटेड केबल लगाने और इलाके में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
यह भी पढ़ें : तीनपहाड़-बोरियो मार्ग पर अलकतरा लदा टैंकर पलटा, चालक घायल
One Comment