तीनपहाड़: तीनपहाड़-बोरियो मुख्य मार्ग स्थित बेहरा मोड़ के समीप रविवार की सुबह बोरियो की ओर से आ रहा एक बालू लदा 18 चक्का वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। इस दुर्घटना में हाइवा का चालक और खलासी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए ।
JCB की मदद से फंसा चालक निकला बाहर, हाथ टूटने की खबर
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, बालू से लदा भारी-भरकम 18 चक्का हाइवा बोरियो की तरफ से आ रहा था। जैसे ही वाहन बेहरा मोड़ के पास तीखे मोड़ पर पहुंचा, चालक ने नियंत्रण खो दिया और हाइवा पलट गया।
हादसे के बाद वाहन चालक काफी देर तक क्षतिग्रस्त केबिन के अंदर ही फंसा रहा। स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों ने जेसीबी (JCB) की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि चालक की जान बच गई, लेकिन उसे गंभीर चोटें आई हैं और उसका एक हाथ टूटने की जानकारी मिली है। वहीं उपचालक को भी हल्की चोटें आई हैं। दोनों घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
महज एक सप्ताह के भीतर दूसरी बड़ी घटना
स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी बेहरा मोड़ पर महज एक सप्ताह पूर्व (पिछले शनिवार) ही अलकतरा (तारकोल) से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया था, जिसमें चालक गंभीर रूप से घायल हुआ था।
एक सप्ताह के अन्तराल में लगातार दूसरा बड़ा हादसा होने से सड़क की बनावट और सुरक्षा उपायों पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पुलिस जांच में जुटी, स्थानीय लोगों ने जताई चिंता
घटना की सूचना मिलते ही तीनपहाड़ थाने के एएसआई (ASI) ललन रजवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
सड़क निर्माण विभाग की लापरवाही पर सवाल: स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले हादसे के बाद ही संबंधित विभाग को इस तीखे और घुमावदार मोड़ पर हादसों की रोकथाम के लिए ‘स्पीड ब्रेकर’, ‘साइन बोर्ड’ या उचित सुरक्षा उपाय करने का सुझाव दिया गया था। लेकिन विभाग ने कोई सुध नहीं ली। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इस खतरनाक मोड़ पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में किसी बड़ी जनहानि या जानलेवा दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता।
तीनपहाड़ से मिथुन यादव की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें : तीनपहाड़-बोरियो मार्ग पर अलकतरा लदा टैंकर पलटा, चालक घायल