बड़हरवा ( साहिबगंज ): साइबर सेल हावड़ा और आरपीएफ मालदा से मिले ‘प्रबल’ इनपुट के आधार पर रेलवे सुरक्षा बल और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए राधानगर थाना क्षेत्र के उत्तर पियारपुर स्थित एक प्रज्ञा केंद्र में छापेमारी की । इस दौरान व्यक्तिगत यूजर आईडी का गलत इस्तेमाल कर धड़ल्ले से रेलवे टिकटों की अनधिकृत खरीद-बिक्री करने वाले 28 वर्षीय युवक गोलाम मोहम्मद को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
RPF और स्थानीय पुलिस की संयुक्त छापेमारी में बड़ा खुलासा
RPF पोस्ट बड़हरवा के इंस्पेक्टर संजीव कुमार के कुशल नेतृत्व में गठित टीम, जिसमें ASI जलेश्वर कुमार दुबे, आरक्षी अनिल कुमार साह एवं अमरेश कुमार शामिल थे, ने स्थानीय राधानगर पुलिस के सहयोग से उत्तर पियारपुर प्रज्ञा केंद्र में अचानक दबिश दी। तलाशी के दौरान पाया गया कि आरोपी गोलाम मोहम्मद कई व्यक्तिगत IRCTC यूजर आईडी का उपयोग कर अवैध तरीके से टिकटों की बुकिंग और आपूर्ति कर रहा था।
मौके से गवाहों की उपस्थिति में विधिवत जब्ती सूची तैयार कर आरोपी के पास से 9 व्यक्तिगत यूजर आईडी, 3 लाइव/भविष्य की यात्रा के ई-टिकट और 6 पुरानी यात्राओं के ई-टिकट बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत ₹19,579.80 बताई गई है। इसके अलावा अपराध में इस्तेमाल किए जा रहे 1 एचपी लैपटॉप, 1 लेनोवो लैपटॉप तथा 1 रियलमी मोबाइल फोन को जब्त कर लिया गया।
रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत मामला दर्ज
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करते हुए RPF पोस्ट बड़हरवा में कांड संख्या 663/2026, दिनांक 18.08.2026 के तहत रेलवे अधिनियम की धारा 143 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि व्यक्तिगत यूजर आईडी का व्यावसायिक इस्तेमाल करना कानूनन संज्ञान योग्य अपराध है और ऐसे तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।
रोजगार की तलाश में जाने वाले मजदूरों की लाचारी का फायदा उठाते हैं दलाल
गौरतलब है कि इस सीमावर्ती क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग रोजगार की तलाश में केरल, महाराष्ट्र, मुंबई, पुणे और चेन्नई जैसे दूरदराज के महानगरों का रुख करते हैं। यात्रियों की इस मजबूरी और जानकारी के अभाव का फायदा उठाकर क्षेत्र में सक्रिय दलाल उनसे मनमाना किराया व कमीशन वसूलते हैं।
यद्यपि भारतीय रेलवे ने आम यात्रियों की सुविधा के लिए ई-टिकट, तत्काल एवं प्रीमियम तत्काल जैसी सुगम व्यवस्थाएं मुहैया कराई हैं, लेकिन जागरूकता की कमी के कारण लोग अक्सर इन अवैध टिकट कारोबारियों के जाल में फंस जाते हैं।
यह भी पढ़ें : तीनपहाड़: भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बीयर के साथ एक गिरफ्तार, जेल
4 Comments