साहिबगंज: “आज के बदलते दौर में केवल शैक्षणिक डिग्री पर्याप्त नहीं है। बच्चों का सर्वांगीण विकास तभी संभव है, जब सामान्य पढ़ाई के साथ-साथ उन्हें व्यावहारिक एवं रोजगारपरक कौशल के लिए भी प्रशिक्षित किया जाए।” यह बात साहिबगंज महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ रंजीत कुमार सिंह ने दीनदयाल उपाध्याय कौशल केंद्र में आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए कही।
यह जॉब ओरिएंटेड कार्यशाला एक्सल डाटा सर्विस द्वारा संचालित ‘मुख्यमंत्री सारथी योजना’ के तहत आयोजित की गई थी, जिसमें प्रो. रंजीत कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
केवल डिग्री नहीं, कौशल और आत्मविश्वास भी जरूरी
कार्यशाला में मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए मंच संचालन प्रो. सुबोध कुमार झा ‘आशु’ ने किया। उन्होंने कहा कि प्राचार्य पद का दायित्व संभालने के बाद से प्रो. सिंह के नेतृत्व में साहिबगंज महाविद्यालय में शैक्षणिक और सामाजिक गतिविधियों को एक नई दिशा मिली है।
प्रशिक्षुओं और छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. रंजीत कुमार सिंह ने कहा कि हर युवा को कम से कम किसी एक क्षेत्र में दक्षता हासिल करनी चाहिए। सरकार द्वारा कौशल विकास केंद्रों के माध्यम से युवाओं को रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसका लाभ उठाकर विद्यार्थी न केवल अपने लिए रोजगार के अवसर पैदा कर सकते हैं, बल्कि आत्मनिर्भर भी बन सकते हैं।
AI और डिजिटल तकनीक के युग में खुद को करें अपडेट
डॉ सिंह ने वर्तमान तकनीकी युग की आवश्यकताओं पर बल देते हुए कहा कि यह समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और कंप्यूटर कौशल का है। विद्यार्थियों को डिजिटल तकनीक के साथ निरंतर खुद को अपडेट रखना चाहिए। इसके अलावा:
- सिलाई-कटाई व ब्यूटी एंड वेलनेस
- नर्सरी प्रबंधन
- कंप्यूटर एवं अन्य व्यावसायिक प्रशिक्षण
इन सभी क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार की असीम संभावनाएं हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता पाने के लिए जीवन में धैर्य, निरंतर अभ्यास और अनुशासन अपनाने की सलाह दी।
युवाओं को सीधे रोजगार से जोड़ना उद्देश्य: प्लेसरमेंट मैनेजर
कार्यक्रम के अंत में केंद्र के प्लेसमेंट मैनेजर अताउल्लाह शम्सी ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्राचार्य के मार्गदर्शन से युवाओं को कौशल विकास और रोजगार के वास्तविक महत्व को समझने में बड़ी मदद मिली है। संस्था का मुख्य उद्देश्य प्रशिक्षण के साथ-साथ युवाओं को सीधे रोजगार के अवसरों से जोड़ना है।
इस अवसर पर सेंटर मैनेजर अमित कुमार, प्रशिक्षक राजकुमार, रोहित एक्का, सीमा चौरसिया, चंदा सिंह, परवेज आलम, सूरज कुमार, रीतेश कुमार, सपना कुमारी, साधना टिर्की, प्रिंसिला हेम्ब्रम, भानु प्रताप यादव, चमेली कुमारी, महालका परवीन, राहुल राज, सनोज कुमार, मुस्कान वर्मा, प्रिया कुमारी, राधेश्याम, विक्की कुमार, सदाशिव कुमार सहित भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें : राजमहल में अतिक्रमण हटाओ अभियान के खिलाफ फूटा दुकानदारों का गुस्सा, सड़क जाम कर किया प्रदर्शन



One Comment