साहेबगंज: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहेबगंज अखिल कुमार के मार्गदर्शन में आज व्यवहार न्यायालय परिसर स्थित लोक अदालत कक्ष में जिला स्तरीय मोटर एक्सीडेंट क्लेम ट्रिब्यूनल (MACT) पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम गुलाम हैदर, जिला न्यायाधीश सह अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश-III शिव करण, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विश्वनाथ भगत, लोक अभियोजक नीतू एवं अन्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
पीड़ित परिवार को समय पर मुआवजा दिलाना पुलिस का कानूनी दायित्व
कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम गुलाम हैदर ने कहा कि मोटर दुर्घटना के मामलों में थाना प्रभारी और पुलिस पदाधिकारियों का यह कानूनी दायित्व है कि वे पीड़ित परिवार को समय पर न्याय और मुआवजा दिलाने के लिए त्वरित कार्रवाई करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि:
- दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के कागजातों की जांच जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) से कराना अनिवार्य है।
- दुर्घटना की सूचना बीमा कंपनी को समय पर देना और आवश्यक जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराना पुलिस की जिम्मेदारी है।
- मुआवजे का मुख्य उद्देश्य दुर्घटना से प्रभावित परिवार को आर्थिक संबल प्रदान करना और उनके जीवनयापन में सहयोग देना है।
30 दिनों के भीतर न्यायालय में दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य
जिला न्यायाधीश सह अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश-III शिव करण ने मोटर दुर्घटना कानूनों में हुए हालिया बदलावों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना से संबंधित सभी आवश्यक कागजात 30 दिनों के भीतर न्यायालय में प्रस्तुत करना अनिवार्य है। यदि किसी कारणवश देरी होती है, तो न्यायालय को सूचित करना आवश्यक है।
उन्होंने थाना प्रभारियों से अपने कर्तव्यों का पालन गंभीरता से करने की अपील की और कहा कि पुलिस पदाधिकारियों एवं बीमा कंपनियों के बेहतर समन्वय के बिना मुआवजा प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से पूरा करना संभव नहीं है।
विभिन्न विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
इस कार्यशाला में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार, परिवहन विभाग के राज हंस, नगर थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक अमित कुमार गुप्ता, जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि सिंह, मुफ्फसिल थाना प्रभारी नितेश पाण्डेय, तालझारी थाना प्रभारी सहित LADC, परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन के कई अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें : खेलो झारखंड: साहिबगंज जिला स्तरीय प्रतियोगिता का भव्य समापन, देखें पूरी रिज़ल्ट लिस्ट


