साहिबगंज: पूर्व रेलवे के मालदा मंडल अंतर्गत सकरीगली और महाराजपुर रेलवे स्टेशनों के बीच गंगा नदी के तटबंध (Embankment) कटाव से प्रभावित रेल मार्ग को दुरुस्त करने का काम तेज गति से चल रहा है। रेल यातायात को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए रेलवे प्रशासन पूरी ताकत से जुटा हुआ है।
इस बीच, रविवार को जिला प्रशासन की ओर से अपर समाहर्ता विजय कुमार और साहिबगंज के अंचलाधिकारी बासुकीनाथ टुडू ने प्रभावित स्थल का मुआयना किया और चल रहे मरम्मत कार्यों का जायजा लिया।
अधिकारियों ने स्थिति का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता विजय कुमार और अंचलाधिकारी बासुकीनाथ टुडू ने मौके पर मौजूद रेलवे अधिकारियों और तकनीकी कर्मचारियों से मरम्मत कार्य की वर्तमान स्थिति, अब तक हुई प्रगति और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता की विस्तृत जानकारी ली।
चौबीसों घंटे काम में जुटी हैं टीमें
अपर समाहर्ता विजय कुमार ने बताया कि रेल परिचालन को पुनः सामान्य स्थिति में लाने के लिए रेलवे के बड़ी संख्या में अधिकारी, इंजीनियर और कर्मचारी मौके पर तैनात हैं। सभी टीमें चौबीसों घंटे (24×7) युद्धस्तर पर काम कर रही हैं, ताकि जल्द से जल्द ट्रेनों की आवाजाही सुरक्षित रूप से शुरू की जा सके।
जिला प्रशासन की सतत निगरानी
जिला प्रशासन इस पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है। प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों और रेलवे अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय (Coordination) स्थापित किया गया है, जिससे बहाली कार्य में किसी तरह की बाधा न आए और रेल सेवाओं को प्राथमिकता के आधार पर जल्द बहाल कराया जा सके।
यह भी पढ़ें : साहिबगंज-बड़हरवा रेलखंड पर मरम्मत कार्य जारी , जानें ताजा स्थिति



2 Comments