साहिबगंज/उधवा: राधानगर थाना क्षेत्र के मोहनपुर चौक के पास एनएच सड़क पर हुई गौर चंद्र बागती की गला रेतकर हत्या मामले का साहिबगंज पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। हत्या की इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने वाला कोई बाहरी नहीं, बल्कि मृतक का अपना चचेरा भाई ही निकला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू और चप्पल भी बरामद कर लिया है।मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए राजमहल एसडीपीओ (अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी) विमलेश कुमार त्रिपाठी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरी घटना का ब्योरा साझा किया। इस मौके पर पुलिस इंस्पेक्टर (राजमहल) राजीव रंजन, राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी और राधानगर थाना के एसआई संग्राम सोय उपस्थित थे।
चचेरे भाई ने कबूला जुर्म, आपसी रंजिश बनी वजह
एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि 4 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 4:45 बजे सूचना मिली थी कि मोहनपुर चौक के पास एनएच सड़क पर मोहनपुर निवासी गौरचंद बागती की गला रेतकर हत्या कर दी गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, साहिबगंज के निर्देश पर उनके (एसडीपीओ राजमहल) नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी दल ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों (Human & Technical Intelligence) का सहारा लेते हुए मृतक के चचेरे भाई बहादुर बागती (उम्र 44 वर्ष, पिता- स्व. सुफल बागती, निवासी- मोहनपुर) को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर बहादुर बागती ने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया और बताया कि आपसी रंजिश के कारण उसने इस वारदात को अंजाम दिया था।
हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद, आरोपी गया जेल
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त चाकू और चप्पल बरामद कर ली है। इस संदर्भ में राधानगर थाना में कांड संख्या 353/26 (दिनांक 04.10.2026), धारा 103(1) बीएनएस-2023 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी अनुसंधान जारी है। गिरफ्तार आरोपी को सोमवार (5 अक्टूबर) को न्यायिक अभिरक्षा (जेल) में भेज दिया गया है।
छापेमारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारी
इस सफल कार्रवाई और त्वरित खुलासे में मुख्य रूप से निम्नलिखित पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल शामिल रहे:
- 1. विमलेश कुमार त्रिपाठी (अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, राजमहल)
- 2. पु०नि० राजीव रंजन (राजमहल प्रभाग, साहिबगंज)
- 3. पु०अ०नि० हसनैन अंसारी (थाना प्रभारी, राजमहल)
- 4. पु०अ०नि० अरुण कुमार सिंह (थाना प्रभारी, गंगा नदी)
- 5. पु०अ०नि० संग्राम सिंह सोय (राधानगर थाना)
- 6. ह०/ राजकिशोर यादव (राधानगर थाना रिजर्व गार्ड)
- 7. आ०/ 157 गगन कुमार सिंह (राधानगर थाना रिजर्व गार्ड)
यह भी पढ़ें : सकरीगली–महाराजपुर के बीच रेल परिचालन बहाली का कार्य युद्धस्तर पर जारी, जिला प्रशासन रख रहा पैनी नजर



2 Comments