जांच के दौरान मौजूद सिविल सर्जन एवं अनुमंडल पदाधिकारी व अन्य
जांच के दौरान मौजूद सिविल सर्जन एवं अनुमंडल पदाधिकारी व अन्य

राजमहल: स्थानीय अनुमंडल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार को हाटपाड़ा स्थित ‘नाहिद हेल्थ पॉइंट’ क्लीनिक पर बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना और नियमित निगरानी के आधार पर अधिकारियों के एक उच्चस्तरीय दल ने अचानक क्लीनिक परिसर का औचक निरीक्षण किया। इस संयुक्त टीम में राजमहल के अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) सदानंद महतो, सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान, अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. उदय टुडू, डॉ. गुफरान आलम और राजमहल थाना के सब-इंस्पेक्टर (SI) अनिल कुमार मुख्य रूप से शामिल थे।

जांच दल ने मौके पर पहुँचकर क्लीनिक के संचालन से जुड़े सभी वैध दस्तावेजों, लाइसेंस और अन्य तकनीकी बिंदुओं की गहनता से पड़ताल की। कागजात में विसंगतियाँ पाए जाने और आवश्यक मानकों की कमी को देखते हुए प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्लीनिक के अल्ट्रासाउंड विभाग को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, आगामी आदेश तक इस केंद्र पर अल्ट्रासाउंड मशीन के संचालन पर पूरी तरह से रोक रहेगी, हालांकि मरीजों की सुविधा के लिए क्लीनिक का अन्य कामकाज (OPD),एक्सरे आदि पूर्व की तरह ही जारी रहेगा।

इस पूरी कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अवैध व मानकों के विपरीत चल रहे क्लीनिकों में हड़कंप मच गया है। हालांकि, सील किए जाने के मुख्य कारणों और क्लीनिक के खिलाफ की जाने वाली अगली कानूनी कार्रवाई के संबंध में जब सिविल सर्जन से बात करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने फिलहाल इस विषय पर कुछ भी बताने या आधिकारिक टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। प्रशासन का कहना है कि स्वास्थ्य मानकों से समझौता करने वाले केंद्रों के खिलाफ आगे भी इस तरह का अभियान जारी रहेगा।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *