साहिबगंज : साहिबगंज जिले के जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के महादेवगंज स्थित ललमटिया गांव के पास सोमवार की देर रात अज्ञात अपराधियों ने एक 45 वर्षीय महिला की पत्थर से कूचकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका की पहचान ललमटिया निवासी शंकर भुईयां की 45 वर्षीय पत्नी गीता देवी के रूप में की गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना स्थल पर महिला का शव खून से लथपथ हालत में मिला, जिसके सिर पर किसी भारी पत्थर से वार किए जाने के गहरे और गंभीर निशान थे।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि कुमार सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बारीकी से जांच-पड़ताल की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए साहिबगंज सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल हत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए विभिन्न बिंदुओं जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
यह भी पढ़ें : बरहरवा में सड़क हादसा: 16 चक्का ट्रक की चपेट में आने से वृद्ध की मौत, ग्रामीणों ने पीछा कर चालक को पकड़ा



One Comment