साहिबगंज: साहिबगंज महाविद्यालय की स्थापना के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आगामी 27 और 28 दिसंबर 2026 को प्लेटिनम जुबली समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस दो दिवसीय समारोह की तैयारियों और रूपरेखा को लेकर मंगलवार को महाविद्यालय के प्राचार्य कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने की, जिसमें चेंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों और महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने हिस्सा लिया।
बैठक के दौरान कार्यक्रम के संयोजक और इतिहास विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. दिनेश कुमार यादव ने दो दिवसीय आयोजन की प्रस्तावित रूपरेखा और संभावित व्यय का ब्योरा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि समारोह के दौरान शैक्षणिक गतिविधियों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, विचार-विमर्श संगोष्ठी और महाविद्यालय के पूर्ववर्ती छात्र-छात्राओं के साथ संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से साहिबगंज डिस्ट्रिक्ट चेंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में चेंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी चेतन भारतीय, रमेश तिवारी, राजेश, मनीष पाठक और अवधेश कुमार ने भाग लिया। उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने समारोह के सफल संचालन के लिए अपने सुझाव दिए और हरसंभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।
प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्लेटिनम जुबली समारोह महाविद्यालय की 75 वर्षों की गौरवशाली शैक्षणिक यात्रा, उपलब्धियों और सामाजिक योगदान को रेखांकित करने का एक ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने विश्वास जताया कि समाज के सभी वर्गों, व्यवसायिक संगठनों और पूर्ववर्ती विद्यार्थियों के सहयोग से यह कार्यक्रम अत्यंत यादगार बनेगा।
इस बैठक में अंग्रेजी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. संतोष कुमार चौधरी, अर्थशास्त्र विभाग की डॉ. रूपा, वाणिज्य विभागाध्यक्ष प्रो. कोमल कुमारी और बीएड विभाग के सहायक प्राध्यापक प्रो. नितिन कुमार सहित कई अन्य प्राध्यापक उपस्थित थे।
साहिबगंज महाविद्यालय का यह प्लेटिनम जुबली समारोह न केवल संस्थान के इतिहास का उत्सव मनाएगा, बल्कि पूर्व छात्रों और स्थानीय समाज के साथ संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करने का काम करेगा।
यह भी पढ़ें : साहिबगंज : अवैध खनन और परिवहन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश, चेकनाकों की निगरानी बढ़ाने पर जोर



2 Comments