उधवा (साहिबगंज): आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को राधानगर थाना परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उधवा के अंचलाधिकारी (CO) आशीष कुमार मंडल ने की।
इस बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ विभिन्न पूजा आयोजन समिति के प्रतिनिधि, क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी, गणमान्य व्यक्ति और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक के दौरान राजमहल इंस्पेक्टर राजीव रंजन ने दुर्गा पूजा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूजा समितियों से आवश्यक फीडबैक लिया और उन्हें प्रशासन के दिशा-निर्देशों से अवगत कराया।
डीजे पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज ने जानकारी दी कि उधवा क्षेत्र में कुल 15 स्थानों पर दुर्गा पूजा का भव्य आयोजन किया जा रहा है । वहीं, अंचलाधिकारी आशीष कुमार मंडल ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान डीजे बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। सभी पूजा समितियों को इस नियम का सख्ती से पालन करने को कहा गया है।
भीड़-भाड़ वाले इलाकों में होगी पुलिस बल की तैनाती
प्रशासन की ओर से यह सुनिश्चित किया गया है कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा या अव्यवस्था उत्पन्न न हो। इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। विशेष रूप से भीड़-भाड़ वाले संवेदनशील स्थानों पर पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और पूजा पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। अंचलाधिकारी ने क्षेत्रवासियों से आपसी प्रेम, भाईचारे और उत्साह के साथ दुर्गा पूजा मनाने की अपील की।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति: बैठक में राधानगर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक संग्राम सिंह सोय, एएसआई हाकिम मुर्मू, कान्हू मुर्मू, उप प्रमुख मामलोत शेख, ऐनुल हक अंसारी, तमाल मंडल, विक्रम सरकार, सुनील प्रमाणिक, धर्मराज मंडल, फिटू पठान, जियाउल हक, वहीदुल इस्लाम और इकबाल हुसैन सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद थे।


